-ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय विरोध, पुलिस बल ने किया नियंत्रण
-प्राधिकरण ने भरोसा दिलाया: नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दुहाई क्षेत्र में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध कालोनियों के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए बुलडोजर अभियान चलाया। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-3 प्रभारी योगेश पटेल के नेतृत्व में दुहाई स्थित लगभग 6 बीघा भूमि पर अनधिकृत रूप से विकसित की जा रही कालोनी का ध्वस्तीकरण किया गया। यह भूमि श्री संजीव चौधरी के नाम खसरा संख्या-471 और 475 पर स्थित थी, जो मधुबन बापूधाम बी-ब्लॉक के निकट और मिनी एमआईजी कॉलोनी के पास अवस्थित है।
ध्वस्तीकरण के दौरान भूखण्डों की बाउंड्रीवाल, सड़क, नाली, कार्यालय जैसी अवैध संरचनाओं को बुलडोजर द्वारा ध्वस्त किया गया। इस अभियान के समय स्थानीय विकासकर्ताओं और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्यवाही जारी रखी। प्राधिकरण ने मौके पर उपस्थित नागरिकों से स्पष्ट अपील की कि वे अनधिकृत रूप से विकसित की जा रही कालोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें, क्योंकि यह पूरी तरह अवैध है और भविष्य में उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी सुरक्षा प्राप्त नहीं होगी।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सभी सुपरवाइज़र और मेट, स्थानीय पुलिस बल तथा प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल अवैध निर्माण को रोकने का ही नहीं बल्कि आम नागरिकों को जागरूक करने का भी प्रयास है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की यह नीति सख्त है और भविष्य में भी किसी भी अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार, प्राधिकरण समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर क्षेत्र में कानून और व्यवस्था कायम रखेगा और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी सहयोग करना होगा और किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण में शामिल नहीं होना चाहिए।
स्थानीय निवासियों ने भी प्राधिकरण की इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि यह कार्रवाई क्षेत्र के विकास और नियमों के पालन के लिए आवश्यक थी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे भविष्य में अन्य अवैध निर्माण करने वालों के लिए एक स्पष्ट संदेश जाएगा कि प्राधिकरण किसी भी तरह के नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रवर्तन जोन-3 प्रभारी योगेश पटेल ने कहा कि ध्वस्तीकरण अभियान के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा, ताकि नागरिकों को अवैध निर्माण के दुष्परिणामों और कानून के तहत आने वाले जोखिमों के बारे में जानकारी दी जा सके। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की प्राथमिकता है कि दुहाई और आसपास के क्षेत्र का विकास नियमानुसार हो और अवैध कब्जों को रोककर नियोजित शहरी विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
















