शहर की हवा साफ करने का मिशन: नगर निगम चलाएगा संयुक्त महा अभियान, सभी विभागों ने लिया संकल्प

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया 24 घंटे अभियान चलाने के लिए
-निर्माण, स्वास्थ्य, जल एवं उद्यान विभाग उपकरणों के साथ करेंगे सड़कों की सफाई और धूल नियंत्रण
-शहर के 15 प्रमुख मार्गों पर पहली चरण में व्यापक महा अभियान संचालित होगा
-कूड़ा जलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
-नगर आयुक्त ने नागरिकों से सहयोग की अपील की और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम ने वायु गुणवत्ता सुधार के लिए शहर में एक महा अभियान की रूपरेखा तैयार की है। इस अभियान के तहत नगर निगम के सभी विभाग निर्माण, स्वास्थ्य, जलकल और उद्यान सड़क सुधार, सफाई और वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपकरणों के माध्यम से सड़कें धूल मुक्त और साफ-सुथरी बनाई जाएं। सोमवार को हुई बैठक में नगर आयुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीन, वॉटर स्प्रिंकलर, मल्टी एंटी-स्मोक गन, वॉटर टैंकर और जेटिंग मशीन के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों और कार्यदाई संस्थाओं को चेतावनी दी कि अभियान के दौरान 24 घंटे लगातार शहर हित में कार्य किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वायु गुणवत्ता सुधार के क्रम में कूड़ा जलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जाए।

अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को निर्देशित किया गया कि वे कार्य योजना बनाएं और सभी विभागीय अधिकारी उपकरणों के साथ चयनित सड़कों पर मौजूद रहें। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर मिथिलेश कुमार, निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी, उद्यान विभाग के प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, जल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद सहित सभी विभागों की टीम को सड़कों पर उतरकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई। नगर निगम की यह पहल गाजियाबाद को प्रदूषण मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि सभी विभाग मिलकर और जन सहयोग से महा अभियान को सफल बनाकर शहर की हवा को शुद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पहले चरण में 15 प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान
नगर निगम ने पहले चरण के तहत शहर के 15 प्रमुख मार्गों का चयन किया है, जहां महा अभियान चलाया जाएगा। इन मार्गों में रोटरी गोल चक्कर यूपी गेट, रोटरी गोल चक्कर से नंदग्राम हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन तक, रोटरी गोल चक्कर से नागद्वार तक, हिंडन एयर फोर्स से मेरठ रोड तक, अंबेडकर रोड, मोहन नगर मेट्रो स्टेशन से यूपी गेट तक, हापुड़ चुंगी चौराहा से ठाकुरद्वारा तक, हापुड़ चुंगी चौराहा से पुलिस लाइन तक, मेरठ तिराहा से गंगाजल प्लांट तक, हापुड़ चुंगी चौराहा से विवेकानंद नगर कट तक, डायमंड कट से एनएच 24 तक, आरडीसी मोड़ से हिंट चौक तक, हापुड़ चुंगी से मेरठ रोड तक, ठाकुरद्वारा से मेरठ तिराहा तक, एनएच 24 से सीआईएसएफ रोड होते हुए कानावनी मोड़ तक शामिल हैं।

जन सहयोग से वायु गुणवत्ता सुधार में तेजी लाने का आह्वान
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे महा अभियान का उद्देश्य केवल सड़क सुधार या सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर की वायु गुणवत्ता को सुधारने, धूल और प्रदूषण को कम करने और नागरिकों को स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई का ध्यान रखें और किसी भी प्रकार के प्रदूषण फैलाने वाले कृत्यों में भाग न लें।

मॉनिटरिंग और निरंतर समीक्षा
नगर आयुक्त ने इस अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं करने के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे नियमित रूप से उपकरणों के उपयोग और विभागीय कार्रवाई की समीक्षा करें। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को संयुक्त रूप से रोड स्वीपिंग मशीन, वॉटर स्प्रिंकलर, मल्टी एंटी-स्मोक गन और जेटिंग मशीन का उपयोग करते हुए सड़कें धूलमुक्त बनाने का कार्य सुनिश्चित करना होगा।