-10 महिला ट्रैफिक सिपाहियों ने पहली बार चौराहे पर यातायात संचालन संभाला
-सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता अभियान
-यातायात नियम उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई, सैकड़ों वाहनों के चालान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मिशन शक्ति-5.0 अभियान के चलते सोमवार को शहर का प्रमुख हापुड़ चुंगी चौराहा महिला पुलिसकर्मियों के हवाले रहा। सोमवार को 10 महिला ट्रैफिक सिपाहियों ने पहली बार चौराहे पर यातायात संचालन की जिम्मेदारी संभाली। इन सभी को ट्रेनिंग दिलाकर पहली बार चौराहे पर यातायात संचालन कराया गया। सुबह से शाम तक सप्ताह के पहले दिन कामकाजी महिला ट्रैफिककर्मी ही चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभालेंगी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर यातायात आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व 10 महिला सिपाहियों को यातायात पुलिस में तैनात किया गया है। उन्हें ट्रेनिंग भी दिलाई गई है। महिला यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा यातायात संचालन एवं जागरूकता अभियान चलीाया गया। प्रदेश शासन के आदेश एवं यातायात निदेशालय लखनऊ के निर्देशोंं के अनुपालन में यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन, छात्र-छात्राओं तथा वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी भी स्वयं हापुड़ चुंगी चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में सोमवार को सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा यातायात नियमों का पालन किए जाने के लिए प्रेरित करते हुए यातायात पुलिस में नियुक्त महिला कर्मियों द्वारा शहर के महत्वपूर्ण चौराहा हापुड़ चुंगी पर
यातायात का संचालन किया। महिला पुलिस कर्मियों द्वारा वाहन चालकों एवं आमजनों को यातायात नियमों के संबंध में जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने एवं सदैव यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मियों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी चेकिंग,प्रवर्तन की कार्रवाई भी की। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी टै्रफिक त्रिगुन बिसेन, एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदनंद बर्नवाल, एसीपी जियाउद्दीन अहमद, ट्रैफिक निरीक्षक सप्तम सहित यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
यातायात पुलिस द्वारा यातायात माह के चलते अब तक कार्रवाई की गई। इसके तहत बिना हेलमेट कुल 17,352 वाहनों के चालान काटे गए। बिना सीट बेल्ट के कुल 598 वाहनों के चालान किए गए। मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए कुल 573 वाहनों के चालान किए गए। गलत साइड में वाहन चलाने पर 3,509 वाहनों के चालान काटे गए। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठे होने पर कुल 1,412 वाहनों के चालान किए गए। वाहनों पर ब्लैक फिल्म के कुल 825 वाहनों के चालान किए गए। बगैर बीमा के कुल 432 वाहनों के चालान और बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र कुल 505 वाहनों के चालान किए गए।
बिना ड्राइविंग लाइसेंस कुल 495 वाहनों के चालान और हूटर सायरन, प्रेशर हॉर्न के कुल 335 वाहनों के चालान और जाति सूचक शब्द लिखे होने पर कुल 433 वाहनों के चालान काटे गए। डीसीपी टै्रफिक त्रिगुन बिसेन ने आमजन से अपील की है कि दो-पहिया वाहन चलाते समय सदैव हेलमेट का उपयोग करें तथा पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य पहनाएं। हेलमेट आपका सुरक्षा कवच है,जो सड़क दुर्घटनाओं में जीवन की रक्षा करता है। साथ ही वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

















