यातायात माह 2025: गाजियाबाद में वॉकथॉन के जरिए सड़क सुरक्षा और जागरूकता का संदेश

-सड़क सुरक्षा और जागरूकता फैलाने के लिए पुलिस और नागरिकों ने मिलकर किया अभियान
-सांसद, विधायक और मेयर ने यातायात नियमों का पालन जीवन बचाने का कर्तव्य बताया
-छात्र, एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवी संगठनों ने हाथों में संदेश लेकर जागरूकता बढ़ाई
-मुख्य आकर्षण लोकगायक मासूम शर्मा और कबड्डी खिलाड़ी राहुल चौधरी ने बढ़ाई उत्साह की रौनक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन एवं यातायात निदेशालय लखनऊ के निर्देशों के तहत मनाए जा रहे यातायात माह नवंबर-2025 के अवसर पर रविवार को यातायात कमिश्नरेट पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने हेतु भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया। यह वॉकथॉन सिविल डिफेंस के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक ने उत्साहपूर्ण भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रात: 8 बजे कविनगर रामलीला मैदान से किया गया। वॉकथॉन शास्त्रीनगर चौराहा, हापुड़ चुंगी, कविनगर सी-ब्लॉक मार्केट और केडीबी तिराहा होते हुए पुन: रामलीला मैदान पर संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस कमिश्नर जे. रवींद्र गौड़, एडिशनल सीपी कानून-व्यवस्था एवं यातायात आलोक प्रियदर्शी, एडिशनल सीपी मुख्यालय एवं अपराध केशव चौधरी, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी सहित अनेक पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

वॉकथॉन के दौरान सांसद अतुल गर्ग, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल, मेयर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर तथा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग जीवन बचाने का सबसे सरल उपाय है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि बढ़ते यातायात के बीच नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि गाजियाबाद दुर्घटना-मुक्त शहर के रूप में उदाहरण बन सके। सभी ने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर समाज के लिए प्रेरणा बनें।

वॉकथॉन में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, सिविल डिफेंस कोर्डिनेटर ललित जायसवाल, डीवीएफ टीम, एनसीसी कैडेट्स, प्रशिक्षणरत आरक्षी तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल और आईटीएस कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। वॉकथॉन के दौरान छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने हाथों में यातायात जागरूकता से जुड़े संदेशों वाली दफ्तियाँ और तिरंगा झंडा लेकर लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी। वॉकथॉन के समापन पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश भावनात्मक और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोकगायक मासूम शर्मा और भारतीय कबड्डी खिलाड़ी राहुल चौधरी रहे, जिनकी उपस्थिति ने युवाओं में उत्साह और ऊर्जा को और भी बढ़ा दिया। अंत में गाजि़याबाद यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए सदैव यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा का सबसे मजबूत आधार है।