मॉडर्न कॉलेज में खेल स्पर्धा-2025 का भव्य आयोजन, छात्रों ने दिखाई खेल कौशल और टीम भावना

-महामाया स्टेडियम में छात्रों ने दी अद्भुत प्रदर्शन की झलक, 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया
-उपक्रीड़ा अधिकारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में अनुशासन और टीम भावना का महत्व बताया
-स्पर्धाओं में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, छोटी कूद, गोला, भाला और चक्र फेंक जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल
-टी-शर्ट, प्रमाणपत्र, मेडल और ट्रॉफी वितरण से प्रतिभागियों को मिला सम्मान, प्रदर्शन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ द्वारा छात्रों के शारीरिक, मानसिक और नेतृत्व क्षमता के विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित  ‘खेल स्पर्धा-2025’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन बुधवार को महामाया स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 200 से अधिक प्रतिभागी छात्रों ने हिस्सा लेकर खेल मैदान में अपनी ऊर्जा, जज्बा और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। पूरा आयोजन विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपक्रीड़ा अधिकारी मधु अवस्थी ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना और जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों की सराहना की और उन्हें निरंतर खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत रूप से खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया, जिसने पूरे स्टेडियम में ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बना दिया।

महाविद्यालय की सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम समिति तथा खेल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस वार्षिक खेल महोत्सव में छात्रों ने अनेक स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में 100 और 200 मीटर दौड़ (महिला वर्ग), 400 और 800 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग), लंबी कूद, छोटी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और चक्र फेंक जैसी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं। प्रत्येक स्पर्धा में छात्रों ने जोश और प्रतिबद्धता के साथ प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की तालियां बटोरीं। सभी प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। प्रतिभागियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए सभी को टी-शर्ट व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान की गईं।

100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) में बी.सी.ए. की रुखसार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सबका ध्यान आकर्षित किया। द्वितीय स्थान बी.एड. की कुमारी संध्या और तृतीय स्थान बी.सी.ए. की गरिमा को मिला। 200 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) की विजेता बी.सी.ए. की विनीता रहीं, जबकि द्वितीय स्थान बी.बी.ए. की आस्था दूबे और तृतीय स्थान बी.सी.ए. की कीर्ति ने प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की 400 मीटर दौड़ में बी.सी.ए. के वैभव चौहान प्रथम स्थान पर रहे। बीकॉम के यशराज द्वितीय और बी.बी.ए. के अनुज कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 800 मीटर दौड़ में भी बी.सी.ए. के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा-तरुण सेन प्रथम, इशांत कुमार द्वितीय और शहजाद तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद (पुरुष वर्ग) में बी.बी.ए. के अभिजीत यादव ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शेखर चौहान द्वितीय रहे। छोटी कूद (महिला वर्ग) में बी.बी.ए. की निधि ने शानदार प्रदर्शन के साथ विजय प्राप्त की।

गोला फेंक प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के विजेता एल.एल.बी. के सागर आनंद रहे, जबकि द्वितीय स्थान बी.सी.ए. के ईश्वर शर्मा को मिला। महिला वर्ग में डी.एल.एड. की भारती सिरोही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) में एल.एल.बी. के विकास कुमार विजेता रहे और समीर पाहवा ने द्वितीय स्थान पाया। महिला वर्ग में बी.सी.ए. की वेदांजलि चौहान विजेता बनीं। चक्र फेंक (पुरुष वर्ग) में बी.सी.ए. के आदित्य कुमार और महिला वर्ग में बी.एड. की मोना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खेल स्पर्धा-2025 न केवल खेल प्रतियोगिता थी, बल्कि यह विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास वृद्धि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को मजबूत करने का मंच भी साबित हुई।

आयोजन के माध्यम से छात्रों को जीवन में संतुलन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश मिला। कार्यक्रम के सफल संचालन में महाविद्यालय के शिक्षकों, आयोजकों, स्वयंसेवकों और निर्णायक मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय प्रशासन ने विजेताओं को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। मॉडर्न कॉलेज की यह खेल स्पर्धा छात्रों की ऊर्जा, उत्साह और खेल कौशल की एक अनोखी मिसाल बनकर सामने आई, जिसने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों पर एक यादगार छाप छोड़ी।