-जनता का विश्वास बनाए रखना नगर निगम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी: नगर आयुक्त
-जनसुनवाई में निर्माण, जलापूर्ति और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें रहीं सबसे अधिक
-नगर आयुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
-विभागीय टीमों को तुरंत भेजा गया क्षेत्र में, जनसमस्याओं के समाधान के लिए शुरू हुई कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘संभव” जनसुनवाई कार्यक्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 29 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें निर्माण कार्य, जलापूर्ति, अतिक्रमण, उद्यान, स्वास्थ्य, प्रकाश व्यवस्था तथा संपत्ति से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें निर्माण विभाग से संबंधित रहीं। इस विभाग से जुड़े 10 मामले सामने आए, जिनमें निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, अधूरे विकास कार्य तथा अन्य निर्माण संबंधी समस्याएं शामिल थीं। इसके अलावा जलकल विभाग से संबंधित पांच शिकायतें, अतिक्रमण से जुड़ी पांच शिकायतें, उद्यान विभाग से संबंधित चार मामले, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े तीन प्रकरण, प्रकाश व्यवस्था से संबंधित एक शिकायत तथा संपत्ति विभाग से संबंधित एक मामला भी दर्ज किया गया।
नगर आयुक्त ने प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित स्थान पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और नागरिकों को शीघ्र राहत दिलाई जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा भी की जाएगी और अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। नगर आयुक्त के निर्देशों के बाद विभिन्न विभागों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। संबंधित विभागों की टीमों को शिकायत वाले क्षेत्रों में भेजा गया, जहां मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई। अधिकारियों ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि ‘संभव’ जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी विभागों को सक्रिय एवं जवाबदेह होकर कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद, संपत्ति विभाग की प्रभारी पल्लवी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की लगातार निगरानी की जाएगी। उद्देश्य यही है कि शहरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो, नागरिक सुविधाओं में सुधार आए और लोगों का नगर निगम प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।















