ओरा कायमेरा सोसायटी अध्यक्ष ने विधायक/ कैबिनेट मंत्री से की मुलाकात, पार्क में सुविधाओं के लिए मिली आश्वासन

-ओपन जिम और सोलर लाइट लगाने की प्रमुख मांगों पर मंत्री ने जताया समर्थन, सोसायटी विकास के लिए जल्द होगा कार्य

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ओरा कायमेरा सोसायटी के अध्यक्ष सुशील कुमार (मास्टर जी) ने शुक्रवार को क्षेत्र के विधायक और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सोसायटी के विकास और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सुशील कुमार ने सोसायटी की जनता की ओर से दो प्रमुख मांगें प्रस्तुत कीं। पहली मांग सोसायटी के पार्क में ओपन जिम की स्थापना की थी ताकि सभी निवासी स्वास्थ्य और व्यायाम के लिए सुविधा का लाभ उठा सकें। दूसरी मांग सोलर लाइट लगवाने की थी, जिससे रात में सुरक्षा और रोशनी सुनिश्चित हो सके। विधायक और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने दोनों प्रमुख मांगों को तुरंत स्वीकार किया और सोसायटी के हित में इसे बहुत जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य-सुरक्षा के लिए यह प्रयास प्राथमिकता के आधार पर संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर सोसायटी अध्यक्ष ने मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं को तुरंत सुनना और समाधान के लिए कदम उठाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि ओरा कायमेरा सोसायटी के विकास के लिए आगे भी विधायक और प्रशासन के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जाएंगे। सभी निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि शीघ्र ही सोसायटी पार्क में ओपन जिम और सोलर लाइट की सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी, जिससे सोसायटी के लोगों का जीवन और अधिक सुरक्षित और स्वास्थ्यपूर्ण बनेगा।