नोएडा एयरपोर्ट के लिए दिल्ली से रैपिड रेल कनेक्शन: यात्रा होगी तेज और सुविधाजनक

-सराय काले खां से सीधे एयरपोर्ट तक आरआरटीएस लिंक का प्रस्ताव, एनसीआरटीसी करेगी पूरी योजना का अध्ययन

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए एयरपोर्ट को दिल्ली के सराय काले खां से रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) से जोड़ने की योजना है। पहले इसे गाजियाबाद से जोड़ना था। इस प्रस्ताव पर उच्च स्तरीय बैठक में सहमति बनी। अब इसकी फिज़िबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने की ज़िम्मेदारी नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) को सौंपी गई है।

नोएडा एयरपोर्ट देश का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हब बनने जा रहा है। ऐसे में त्वरित और सुविधाजनक पब्लिक ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी बेहद ज़रूरी है। आरआरटीएस कॉरिडोर तैयार होने से यात्रा काफी आसान और तेज़ हो जाएगी।सराय काले खां दिल्ली में आरआरटीएस, बस टर्मिनल और मेट्रो का इंटरचेंज पॉइंट है। यहां से एक नया आरआरटीएस लिंक प्रस्तावित किया जा रहा है जो सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। यह रूट सराय काले खां, नोएडा सिटी सेंटर, फेज-2, सूरजपुर होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक जाएगा। इससे यात्रा समय और भी कम होगा। एनसीआरटीसी अब इस परियोजना के हर पहलू का अध्ययन करेगी। रिपोर्ट के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार आगे परियोजना को स्वीकृति देने पर निर्णय लेंगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कनेक्टिविटी दिल्ली-एनसीआर के मास ट्रांजिट नेटवर्क को और सुदृढ़ करेगी। जेवर एयरपोर्ट पहले से ही मेट्रो और एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के विकल्पों पर काम कर रहा है, ऐसे में आरआरटीएस लिंक जुड़ने से यह मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित होगा।

पहले यह कॉरिडोर था प्रस्तावित

पहले एयरपोर्ट से गाजियाबाद तक 72.2 किलोमीटर तक एलिवेटेड ट्रैक बनाया जाना था। गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक रैपिड रेल रूट पर फिलहाल 11 स्टेशन बनाए जाने थे। पहले चरण में गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से ग्रेटर नोएडा ईकोटेक-6 तक 39.39 किलोमीटर का ट्रैक तैयार किया जाना था। फास्ट नमो भारत 114 किलोमीटर प्रतिघंटा और सामान्य नमो भारत 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ती है। दूसरे चरण में ईकोटेक-6 से एयरपोर्ट तक नमो भारत कॉरिडोर बनना था। इस कॉरिडोर में नमो भारत व मेट्रो चलाई जानी थी। दोनों के 11-11 स्टेशन प्रस्तावित थे।

नमो भारत के ये स्टेशन प्रस्तावित थे

गाजियाबाद साउथ, ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4, ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-2, ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-12, मलकपुर, अल्फा-1, ईकोटेक-6, दनकौर, यीडा का सेक्टर-18, यीडा का सेक्टर-21

मेट्रो के ये स्टेशन थे

सिद्धार्थ विहार (गाजियाबाद), ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-16 सी, ईकोटेक-12, ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-3, ग्रेनो वेस्ट-10, नालेज पार्क-5, पुलिस लाइन सूरजपुर, ईकोटेक-2, नालेज पार्क-3, ओमेगा-दो, ईकोटेक-1ई

शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यमुना प्राधिकरण

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली के सराय काले खां से रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) से जोड़ने की योजना है। अब इसकी फिज़िबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने की ज़िम्मेदारी नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन को सौंपी गई है।
शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यमुना प्राधिकरण