-नगर आयुक्त के निर्देशन में सार्वजनिक स्थलों और आश्रय केंद्रों पर अलाव की व्यवस्था
-शहर के 22 प्रमुख स्थानों पर अलाव, जरूरत पड़ने पर और स्थलों पर बढ़ाई जाएगी व्यवस्था
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बढ़ती शीतलहर और रात्रि में लगातार गिरती तापमान के बीच गाजियाबाद नगर निगम ने निराश्रितों, राहगीरों और सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले लोगों के लिए ठंड सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत नगर निगम ने शहर के 22 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाकर लोगों को ठंड से राहत प्रदान की है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता के अनुसार अधिक संख्या में निराश्रित एकत्रित होने वाले स्थानों की पहचान कर वहां अलाव की व्यवस्था बढ़ाई जाए। उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी शहरभर के सार्वजनिक स्थलों और आश्रय स्थलों के आसपास अलाव जलाए जा रहे हैं। इन अलावों से न केवल निराश्रितों को राहत मिल रही है, बल्कि राहगीरों और पशु-प्रेमियों को भी ठंड से सुरक्षा प्राप्त हो रही है। नंदी पार्क गौशाला में रात्रि के समय अलाव जलाकर गोवंशों को ठंड से सुरक्षित रखा जा रहा है।
अलाव की प्रमुख व्यवस्था निम्नलिखित स्थलों पर की गई है: नासिरपुर फाटक, संतोष अस्पताल के सामने पुराना बस अड्डा, अर्थला चौराहा, सुदामा पुरी, संजय नगर सेक्टर 23 न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के बाहर, डीएलएफ कॉलोनी, कौशांबी, लोहिया नगर लाल क्वार्टर का चौराहा, पुराना रेलवे स्टेशन गाजियाबाद, रेलवे स्टेशन साहिबाबाद, मोहन नगर चौराहा। इन अलावों में रात्रि के समय लकड़ी डालकर लोगों को पर्याप्त गर्मी दी जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए और अधिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाए। इस वर्ष नगर निगम लगभग 60 स्थानों पर अलाव लगाने की योजना बना रहा है, ताकि सभी जरूरतमंदों और राहगीरों को ठंड से पूरी सुरक्षा मिल सके।
इस अभियान का उद्देश्य केवल निराश्रितों की सुरक्षा नहीं, बल्कि शहर में सभी नागरिकों की सहूलियत और स्वास्थ्य की रक्षा करना भी है। अलाव की व्यवस्था के साथ ही नगर निगम के कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और अलाव की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित कर रहे हैं। अलाव अभियान से यह स्पष्ट संदेश गया है कि गाजियाबाद नगर निगम ठंड के मौसम में कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है। नगर निगम ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त अलाव स्थानों की व्यवस्था करने और आपात परिस्थितियों में तत्काल सहायता देने के लिए टीम तैयार रहेगी। नगर निगम के अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस ठंड सुरक्षा अभियान का सहयोग करें और अलाव के आस-पास सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहें, ताकि ठंड से सुरक्षा तो मिले और किसी प्रकार की दुर्घटना भी न हो। इस अभियान को शहर में ‘संजीवनी पहल’ के रूप में देखा जा रहा है, जो ठंड के दिनों में हजारों लोगों और पशुओं के लिए राहत और सुरक्षा का कार्य कर रहा है।

















