गाजियाबाद के विकास को मिला नया आयाम, महापौर सुनीता दयाल ने 16 करोड़ की परियोजनाओं की रखी नींव

-मोहन नगर जोनल कार्यालय बनेगा पांच मंजिला अत्याधुनिक भवन, ड्रेनेज व निगम संसाधनों को मिलेगा नया विस्तार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के विकास को नई रफ्तार देते हुए आज महापौर सुनीता दयाल ने शनिवार को लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से शहर के विभिन्न हिस्सों में कराए जाने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे इन कार्यों से न केवल नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि निगम की प्रशासनिक क्षमता और आय बढ़ाने की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इन विकास कार्यों में सबसे महत्वपूर्ण परियोजना ज्ञानी बॉर्डर, मोहन नगर में प्रस्तावित जोनल कार्यालय का निर्माण है, जिस पर लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह कार्यालय ग्राउंड फ्लोर के साथ चार मंजिल का होगा, अर्थात कुल पांच मंजिला अत्याधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस जोनल कार्यालय में फायर सर्विस की व्यवस्था, लिफ्ट सुविधा, आधुनिक शौचालय, पार्किंग और अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विशेष बात यह है कि यह भवन उस स्थान पर बनाया जाएगा, जहां पहले दिल्ली की ओर से आते समय कूड़े के ढेर नजर आते थे। लगभग 1800 वर्ग मीटर भूमि पर बनने वाला यह कार्यालय क्षेत्र की तस्वीर बदलने के साथ-साथ स्वच्छता और सुव्यवस्थित प्रशासन का प्रतीक बनेगा।

इसके अतिरिक्त नंदग्राम क्षेत्र में नंदी गौशाला के सामने नगर निगम के पेट्रोल पंप की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया, जिसकी लागत लगभग 47 लाख रुपये है। यह कार्य निगम की संपत्तियों की सुरक्षा और व्यवस्थित संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही ड्रेनेज की गंभीर समस्या के समाधान के लिए भी महापौर द्वारा बड़े स्तर पर कार्य शुरू कराए गए हैं। वार्ड 47 में ए-1 से जी-15 तक सर्विस रोड के समानांतर स्थित मुख्य नाले की दीवार का आरसीसी से निर्माण कराया जाएगा, जिस पर लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, इसी वार्ड में एसबीआई बैंक से आई-7 से जे-19 तक सर्विस रोड के साथ-साथ मुख्य नाले के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत आएगी। शास्त्री नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले की दीवार गिर चुकी थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या से अवगत होते ही महापौर सुनीता दयाल ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश देकर एस्टिमेट तैयार कराया, टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई और आज मौके पर कार्य भी शुरू करा दिया गया।

इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम शहर के अधिकांश वार्डों में लगातार विकास कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां नागरिक सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर निगम के कार्यालयों के निर्माण और संसाधनों के विस्तार के माध्यम से नगर निगम की आय बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिकांश नालों को आरसीसी से बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पार्षद वीरेंद्र त्यागी, पार्षद कल्लन, पूर्व पार्षद बिजेंद्र चौहान, सहयोग नगर आयुक्त सुशील प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता विपुल कुमार, सहायक अभियंता गणेशीलाल सहित नगर निगम जोन के सभी अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इन विकास कार्यों को शहर के लिए आवश्यक और दूरगामी लाभ देने वाला बताते हुए महापौर के प्रयासों की सराहना की। गाजियाबाद में 16 करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों का शुभारंभ न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि शहर को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।