-मुख्य विकास अधिकारी व रेड क्रॉस सोसाइटी ने विकास भवन में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को बांटे कंबल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंद दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन में बुधवार को कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल एवं रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं एक-एक दिव्यांगजन के पास जाकर कंबल भेंट किए, जिससे लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती नजर आई। कंबल पाकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने प्रशासन व रेड क्रॉस सोसाइटी के इस सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अंशुल चौहान, रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद की सचिव डॉ. किरण गर्ग, उपाध्यक्ष अनिल गर्ग, डॉ. बालिगा, पूनम शर्मा तथा रिचा बल्लभ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके सम्मान एवं सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए, विशेषकर सर्दी के मौसम में। रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद द्वारा लगातार मानव सेवा के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोसाइटी के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी गाजियाबाद श्री रविंद्र कुमार मादंड ने गत सप्ताह रात्रि भ्रमण के दौरान भी जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए थे।
रेड क्रॉस सोसाइटी की सचिव डॉ. किरण गर्ग ने बताया कि इससे पूर्व बारिश के मौसम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तारपोलिन और स्टील के बर्तनों का वितरण भी किया गया था, जिसके लिए बाढग़्रस्त लोगों ने रेड क्रॉस सोसाइटी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सेवा भाव की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की बात कही। पूरे आयोजन में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

















