पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की देखभाल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव चौधरी

  • पुलिस अस्पताल में अपोलो डायग्नोस्टिक सेंटर का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
  • केशव चौधरी की संवेदनशील कार्यशैली से पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य कल्याण को मिली नई मजबूती

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स के पुलिस अस्पताल में बुधवार को अपोलो डायग्नोस्टिक सेंटर (खून संग्रह केंद्र) का भव्य शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा में लगे रहते हैं और ऐसे में उनके स्वास्थ्य की चिंता करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा तभी वे बेहतर ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।

इसी सोच के साथ पुलिस अस्पताल में वामा सारथी-उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से अपोलो डायग्नोस्टिक्स द्वारा इस सेंटर की स्थापना की गई है। केशव चौधरी की कार्यशैली शुरू से ही संवेदनशील, व्यावहारिक और कर्मियों के हितों को केंद्र में रखकर निर्णय लेने वाली रही है। अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ वह पुलिस बल के कल्याण से जुड़े विषयों पर भी बराबर ध्यान देते रहे हैं। इसी का परिणाम है कि पुलिस लाइन्स में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। पुलिस उपायुक्त लाइन्स निमिष पाटील, प्रतिसार निरीक्षक और अस्पताल प्रभारी डॉ. पंकज राकेश भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। डॉ. पंकज ने बताया कि इस डायग्नोस्टिक कलेक्शन सेंटर में सीजीएचएस और ईएसआई से जुड़े लाभार्थियों के खून की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अब पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को जांच के लिए शहर के विभिन्न अस्पतालों और लैबों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

उद्घाटन के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारियों ने सेंटर में उपलब्ध आधुनिक जांच सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने अपोलो डायग्नोस्टिक्स द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्ता, सटीकता और विश्वसनीयता की सराहना की। यह सेंटर न केवल पुलिसकर्मियों बल्कि उनके परिवारजनों के लिए भी सुलभ और किफायती जांच सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे नियमित स्वास्थ्य जांच को बढ़ावा मिलेगा। अपने संबोधन में केशव चौधरी ने कहा कि पुलिस परिवारों का मनोबल तभी ऊंचा रहेगा जब उन्हें यह भरोसा हो कि विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पुलिस बल के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी दर्शाती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी के पदाधिकारी, अपोलो डायग्नोस्टिक्स के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को पुलिस परिवारों के लिए एक बड़ी राहत बताते हुए इसकी सराहना की। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जहां यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।