• बच्चों में प्रेम, शांति और करुणा के संस्कार विकसित करना ही शिक्षा का उद्देश्य : पूनम गौतम
• विद्यालय केवल पढ़ाई नहीं, संस्कारों का भी केंद्र है: तनुजा
• सांता क्लॉज बने आकर्षण का केंद्र, बच्चों में दिखा खास उत्साह
• शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने दी मनोहारी प्रस्तुतियाँ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को क्रिसमस पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था, जहां सुबह से ही उत्सव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रभु यीशु मसीह के जीवन, उनके प्रेम, करुणा, त्याग और सेवा भाव पर आधारित भावपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए। प्रार्थना सभा के दौरान पूरा विद्यालय परिसर आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा मधुर क्रिसमस कैरोल, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से पूरा सभागार गूंज उठा।
छोटे-छोटे बच्चों की मासूम अदाओं और उत्साह ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। कार्यक्रम के दौरान सांता क्लॉज के रूप में सजे विद्यार्थियों ने सभी बच्चों को उपहार और टॉफियां वितरित कीं। सांता क्लॉज को अपने बीच पाकर नन्हे विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती थी। पूरे परिसर में हंसी, उल्लास और उमंग का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने कहा कि क्रिसमस पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, शांति, त्याग और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा, करुणा और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, जिसे विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।
उपप्रधानाचार्या तनुजा ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी भाईचारा, सद्भाव और सहनशीलता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। तनुजा ने कहा कि विद्यालय ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक मूल्यों को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, तो उनके भीतर छिपी रचनात्मकता और सकारात्मक ऊर्जा सामने आती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा और मानवीय मूल्यों को अपनाना उतना ही आवश्यक है जितना कि शैक्षणिक सफलता।
क्रिसमस जैसे पर्व विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ प्रेम, सहयोग और भाईचारे से रहने की सीख देते हैं। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रभु यीशु की शिक्षाएं सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं। विद्यालय के एकेडमिक हेड चेतन शर्मा ने विद्यार्थियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। उन्होंने विद्यार्थियों की कला और कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।
डायरेक्टर आशीष गौतम ने कहा कि बच्चों के लिए सांता क्लॉज के माध्यम से उपहार वितरित करना और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेना उनके उत्साह और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में सहकार्य, रचनात्मकता और सामाजिक जुड़ाव की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों और स्टाफ का धन्यवाद करते हुए कहा कि बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने क्रिसमस से संबंधित सांता कैप, क्रिसमस स्टार, क्रिसमस ट्री, स्नोमैन आदि सुंदर और रचनात्मक आकृतियां बनाईं, जिन्हें सभी ने खूब सराहा।
इन गतिविधियों में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे वे शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को भी आत्मसात कर सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रेरणादायक आयोजनों के निरंतर आयोजन का संकल्प लिया।


















