विकास की गति तेज, महापौर ने 6 करोड़ 30 लाख के कार्यों का शिलान्यास किया

-ट्रिपल इंजन सरकार की साझी सफलता, जनता को मिलेगा सीधे लाभ: सुनीता दयाल
-विजय नगर में नारियल फोड़कर किया विकास कार्यों का शुभारंभ
-विकास कार्यों से शहरवासियों को मिलेगा बेहतर नागरिक सुविधाओं और सुगम जीवन
-विजय नगर में नगर निगम की पहल से विकास के नए आयाम खुले
-शहर के हर वार्ड में ट्रिपल इंजन सरकार की योजनाओं से आएंगे सकारात्मक बदलाव
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विकास की रफ्तार को और तेज करते हुए महापौर सुनीता दयाल ने रविवार को विजय नगर जोन क्षेत्र में कुल 6 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भव्य शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महापौर का स्वागत स्थानीय नागरिकों ने भव्य रूप से किया और उन्होंने शहर में विकास कार्यों को लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। महापौर सुनीता दयाल ने विजय नगर जोन के अलग-अलग वार्डों में नारियल फोड़कर विकास कार्यों की शुरुआत की। वार्ड संख्या 15 प्रताप विहार में डीपीएस चौक से संतोष मेडिकल गेट नंबर दो और जल निगम के बड़े नाले तक आरसीसी नाले के निर्माण कार्य की लागत लगभग 3 करोड़ 82 लाख रुपये है।
यह नाला क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से राहत दिलाएगा। इसी प्रकार, वार्ड संख्या 7 बिहारीपुरा सुदामापुरी में क्रिस किराना स्टोर के सामने शनि चौक से लाल क्वार्टर तक मुख्य आरसीसी नाले के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 79 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह नाला न केवल जलनिकासी की समस्या को हल करेगा, बल्कि सड़क मार्ग को भी सुरक्षित और सुचारू बनाएगा। इसके अलावा वार्ड संख्या 55 प्रताप विहार सेक्टर-11 सी ब्लॉक की आंतरिक नालियों का निर्माण लगभग 14 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। वार्ड संख्या 1 क्रिश्चियन नगर बागू भीम नगर में गली नंबर छह का निर्माण कार्य लगभग 6 लाख रुपये की लागत से होगा।
महापौर ने कहा कि शहर में लगातार हो रहे विकास कार्य ट्रिपल इंजन की सरकार का परिणाम हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर निगम एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं, इसी कारण शहर के हर हिस्से में विकास कार्य नजर आ रहे हैं। महापौर ने विश्वास जताया कि इन कार्यों का सीधा लाभ जनता को मिलेगा और आने वाले चुनावों में जनता इसका समर्थन भी करेगी। महापौर सुनीता दयाल ने कहा हमारे शहर में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। जलनिकासी, सड़क निर्माण और नागरिक सुविधाओं के सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों की सुविधा के लिए सभी योजनाएं समय पर पूरी हों। यह शिलान्यास कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महापौर ने नगर निगम की उपलब्धियों को भी उजागर किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में आएगी तो प्रदेश के विभिन्न शहरों में नई योजनाओं पर तेजी से काम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में विकास कार्य न केवल भौतिक संरचना को मजबूत करेंगे, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार लाएंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद नीतू नागर, पार्षद मुन्नी देवी, पार्षद थान सिंह, पार्षद सुमित कुमार, सहायक अभियंता श्याम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने महापौर सुनीता दयाल के प्रयासों की सराहना की और बताया कि यह विकास कार्य क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
महापौर की कार्यशैली को लेकर उपस्थित लोगों ने भी अपनी प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सुनीता दयाल ने नगर निगम के विकास कार्यों में एक नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में नगर निगम ने जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी है और क्षेत्र में हर स्तर पर सुधार किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह शिलान्यास कार्यक्रम न केवल विकास कार्यों की शुरुआत का प्रतीक है, बल्कि जनता के साथ सीधे संवाद और उनके हितों की सुरक्षा का भी संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि महापौर के सक्रिय नेतृत्व और पारदर्शी कार्यशैली से जनता में विश्वास बना हुआ है। कुल मिलाकर, रविवार को विजय नगर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में शहर का विकास तेजी से हो रहा है। जलनिकासी, सड़क निर्माण और वार्ड स्तर की समस्याओं के निराकरण से नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस प्रकार, नगर निगम की योजनाएं और महापौर की सक्रियता से शहर में विकास की नई छवि बन रही है, जो आने वाले समय में गाजियाबाद को एक सुविकसित और समृद्ध शहर के रूप में उभारने में सहायक होगी।
सुनीता दयाल
महापौर
नगर निगम गाजियाबाद।
विजय नगर जोन में विकास कार्यों की शुरुआत हमारे शहर के नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार लाने के लिए की जा रही है। जलनिकासी, सड़क और वार्ड स्तर की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए यह परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं। ट्रिपल इंजन सरकार की साझी सफलता के कारण शहर के हर हिस्से में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। मेरा प्रयास है कि नगर निगम की योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिले और उनका जीवन सुरक्षित, सुविधाजनक और समृद्ध हो। हम लगातार शहरवासियों के लिए काम कर रहे हैं और भविष्य में भी विकास के नए आयाम स्थापित करते रहेंगे।
सुनीता दयाल
महापौर