-लोटस पार्क अपार्टमेंट से 8 जनवरी से गायब हैं सुरेश प्रसाद पटेल, परिजनों ने जनता से की मदद की अपील
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित लोटस पार्क अपार्टमेंट से एक बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। लापता बुजुर्ग की पहचान सुरेश प्रसाद पटेल के रूप में हुई है, जो 8 जनवरी 2026 से लापता हैं। परिजनों ने उनकी तलाश में आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए सूचना देने वाले को 51 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। परिजनों के अनुसार सुरेश प्रसाद पटेल 8 जनवरी को लोटस पार्क अपार्टमेंट, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं लग सका। काफी तलाश के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की जानकारी विभिन्न माध्यमों से साझा करनी शुरू की। लापता सुरेश प्रसाद पटेल की पहचान के लिए जारी सूचना के अनुसार, घटना के समय उन्होंने लाल रंग की शर्ट, काले रंग का लोअर और चप्पल पहन रखी थी। वह मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के सरेया वार्ड नंबर-5 के निवासी हैं। उम्रदराज होने के कारण परिजनों को आशंका है कि वह रास्ता भटक गए हों या किसी परेशानी में फंस गए हों। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी सुरेश प्रसाद पटेल के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत दिए गए संपर्क नंबरों 8002424024 या 9315911230 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे 51 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि किसी जागरूक नागरिक की मदद से उनके प्रियजन सुरक्षित वापस घर लौट सकेंगे।
















