मकर संक्रांति पर श्रमिकों के लिए हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन ने किया सेवा अभियान

– कंबल, खिचड़ी और जलपान वितरण कर औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया
-एचएचईडब्ल्यूए ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सेवा पहुंचाने का लिया संकल्प

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एचएचईडब्ल्यूए) ने सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पूरे भारतवर्ष में औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों और सुरक्षा कर्मियों के लिए विशेष सेवा अभियान आयोजित किया। इस दौरान कंबल, खिचड़ी और जलपान वितरण कर श्रमिकों व स्टाफ का सम्मान किया गया।
ज्ञातव्य है कि एक औद्योगिक और निर्यातक संगठन होने के नाते एसोसिएशन ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का उद्देश्य रखा। इस वर्ष अभियान नोएडा और पानीपत के साथ-साथ सहारनपुर, मुरादाबाद, बनारस, मैनपुरी, तमिलनाडु, पंजाब और बिहार सहित कई राज्यों में एकसाथ संपन्न हुआ। नोएडा सेक्टर-65 के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सतीश वाली और जॉइंट कमिश्नर (इंडस्ट्री) अनिल सिंह ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.पी. शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी प्रणय गोयल, पंकज अग्रवाल, अनीश गोयल, संजीव जैन और झुंड फैक्ट्री के प्रतिनिधि राजन मल्होत्रा की सक्रिय सहभागिता रही। एचएचईडब्ल्यूए के अध्यक्ष सी.पी. शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत लगभग एक हजार कंबल औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों और जरूरतमंद श्रमिकों को वितरित किए गए। इसके साथ ही सभी को खिचड़ी और जलपान कराया गया, जिससे मकर संक्रांति के पर्व के साथ नए कार्य-सीजन की शुभ शुरुआत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति ऋतु के परिवर्तन, नई ऊर्जा और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक है, और इसी भावना से एसोसिएशन व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।

इस अवसर पर एचएचईडब्ल्यूए ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए देश के श्रमिकों, स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को सशक्त, सुरक्षित और सम्मानित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एसोसिएशन भविष्य में भी निरंतर सेवा, सहयोग और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के सामाजिक अभियान केवल औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों तक सेवा पहुंचाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे समाज में समर्पण, सहयोग और मानवता के मूल्य भी मजबूत होते हैं। अभियान के दौरान श्रमिकों और सुरक्षा कर्मियों ने कार्यक्रम की सराहना की और संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। एचएचईडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल भौतिक सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि श्रमिकों और स्टाफ को सम्मानित कर उनके मनोबल को भी बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि समाज में समानता और सहयोग की भावना पैदा करने के लिए ऐसे प्रयास समय-समय पर किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर सी.पी. शर्मा ने सभी सदस्यों, औद्योगिक क्षेत्र के अधिकारियों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले वर्षों में और भी राज्यों में ऐसे व्यापक सेवा अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक और जरूरतमंद लोग इससे लाभान्वित हो सकें। इस अभियान ने स्पष्ट कर दिया कि हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन न केवल उद्योग और व्यापार में अग्रणी है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।