-व्यावसायिक, आवासीय और शैक्षणिक भूखंड होंगे नीलामी में शामिल
-नीलामी में भाग लेने के लिए 20 जनवरी तक करना होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) 23 जनवरी को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में 56 रिक्त भूखंडों की नीलामी आयोजित करने जा रहा है। इसमें व्यावसायिक, ग्रुप हाउसिंग, आवासीय, दुकानों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए निर्धारित भूखंड शामिल हैं। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, इस बार नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इच्छुक खरीदारों को आवेदन फॉर्म ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। इस नीलामी में मुख्य रूप से इंद्रप्रस्थ योजना के पॉकेट एच में 16 व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा, कोयल एन्क्लेव और इंद्रप्रस्थ योजना में ग्रुप हाउसिंग के आठ भूखंड, कौशांबी योजना में तीन आवासीय भूखंड, कर्पूरीपुरम योजना में एक होटल भूखंड, शास्त्रीनगर बागवाली कॉलोनी सेक्टर-16 में दो आवासीय भूखंड और आंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर में 11 व्यावसायिक भूखंड नीलामी के लिए रखे गए हैं।
इसके अतिरिक्त यूपी बॉर्डर पॉकेट-ए में पांच दुकानों पर भी बोली लगाई जा सकेगी। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नीलामी सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इच्छुक लोग 20 जनवरी तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म ऑनलाइन जमा कर नीलामी में भाग ले सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में आयोजित नीलामी में करीब 193 करोड़ रुपए की संपत्तियों की बिक्री हुई थी, जिससे जीडीए की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इस बार भी नीलामी में भूखंड खरीदने का यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
नीलामी में भाग लेने वाले खरीदारों को बोली लगाने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करनी होगी। जीडीए अधिकारियों ने सभी इच्छुक निवेशकों को सलाह दी है कि वे समय पर रजिस्ट्रेशन कर प्रक्रिया में शामिल हों और अपनी पसंद के भूखंडों को खरीदने का अवसर प्राप्त करें। इस नीलामी के माध्यम से जीडीए का उद्देश्य न केवल रिक्त भूखंडों का उपयोग सुनिश्चित करना है, बल्कि निवेशकों के लिए पारदर्शी और सहज प्रक्रिया भी प्रदान करना है।
















