-साधारण और संरक्षक ट्रस्टियों की संख्या एवं योगदान राशि निर्धारित, मुख्य संरक्षक ट्रस्टी के लिए सात ट्रस्टियों ने तुरंत दी सहमति
-निर्माण कार्य सुचारू बनाने हेतु लीगल और विशेष निर्माण समिति का गठन, जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया
-ट्रस्टियों ने तत्काल योगदान दिया, संयोजक ने सभी की सराहना की और भवन को समाज सेवा एवं सांस्कृतिक केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट के ट्रस्टियों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को होटल ब्लू स्टोन, कौशांबी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वैश्य अग्रवाल परिवार के संयोजक एवं आज की बैठक के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने की, जबकि ट्रस्ट के प्रधान श्रवण गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता (प्लाईवुड) एवं महासचिव सीए शिवकुमार गुप्ता द्वारा अब तक प्राप्त सहयोग राशि तथा उसके व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी ट्रस्टियों ने संतोषजनक बताया। बैठक के दौरान महाराजा अग्रसेन भवन निर्माण को गति देने के उद्देश्य से ट्रस्ट के प्रधान श्रवण गर्ग एवं संयोजक प्रदीप गुप्ता द्वारा ट्रस्टियों से सहयोग की अपील की गई। साधारण ट्रस्टियों से न्यूनतम 11 हजार रुपये एवं संरक्षक ट्रस्टियों से न्यूनतम 51 हजार रुपये भवन निर्माण कार्य के लिए सहयोग देने का अनुरोध किया गया, जिसे उपस्थित ट्रस्टियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ स्वीकार किया। विचार-विमर्श के उपरांत ट्रस्ट के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
तय किया गया कि साधारण ट्रस्टियों की संख्या अधिकतम 101 रखी जाएगी और 31 मार्च 2026 के बाद साधारण ट्रस्टी बनने हेतु सहयोग राशि तत्काल प्रभाव से 2 लाख रुपये कर दी जाएगी। वहीं संरक्षक ट्रस्टियों की संख्या अधिकतम 31 निर्धारित की गई, जिनकी सहयोग राशि 31 मार्च 2026 के बाद बढ़ाकर 7.50 लाख रुपये कर दी जाएगी। इसके साथ ही 11 मुख्य संरक्षक ट्रस्टी बनाए जाने का निर्णय लिया गया, जिनकी सहयोग राशि 11 लाख रुपये निर्धारित की गई। बैठक में सात संरक्षक ट्रस्टियों ने मुख्य संरक्षक ट्रस्टी बनने के लिए अपनी सहमति तत्काल प्रदान की। इनमें प्रदीप गुप्ता (गुप्ता एसोसिएट), श्रवण कुमार गर्ग, शिवकुमार गुप्ता, प्रदीप गुप्ता (जगदम्बा प्लाईवुड), संजय गुप्ता (हापुड़ वाले), अश्वनी अग्रवाल (होटल ब्लू स्टोन) एवं कृष्ण गोपाल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साधारण ट्रस्टी शिखर गुप्ता ने संरक्षक ट्रस्टी बनने के लिए अपनी सहमति दी।
बैठक के दौरान कुछ ट्रस्टियों ने भवन निर्माण के लिए तत्काल सहयोग राशि भी प्रदान की। इसमें विमल कुमार द्वारा 11 हजार रुपये, एम.के. अग्रवाल द्वारा 11 हजार रुपये, समीर अग्रवाल द्वारा 21 हजार रुपये एवं श्री शिवकुमार कनोडिया द्वारा 21 हजार रुपये का योगदान दिया गया। ट्रस्ट के निर्माण संबंधी बायलॉज में आवश्यक संशोधन के लिए एक लीगल कमेटी के गठन का भी निर्णय लिया गया, जिसमें सीए कुंदन कुमार, सीए शिवकुमार गुप्ता, सीए विक्रम अग्रवाल, एडवोकेट मधुप सिंघल एवं एडवोकेट राहुल बंसल को शामिल किया गया। साथ ही भवन निर्माण की आगे की प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए एक अलग निर्माण समिति का गठन किया गया,
जिसमें दीपक गुप्ता, एम.के. अग्रवाल, श्रवण गर्ग, प्रदीप गुप्ता, विमल अग्रवाल एवं शिखर गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में प्रदीप गुप्ता, श्रवण गर्ग, शिवकुमार गुप्ता, प्रदीप गुप्ता (जगदम्बा प्लाईवुड), सुभाष गुप्ता, डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता, सुरेश कुमार सिंघल, अश्वनी अग्रवाल, उमाशंकर अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, समीर अग्रवाल, शिखर गुप्ता, महेश गोयल, प्रदीप गुप्ता (नीति खंड-2), दीपक गुप्ता, विमल अग्रवाल, मधुप सिंघल, रमेश कुमार अग्रवाल, एम.के. अग्रवाल, कुंदन अग्रवाल, विक्रम अग्रवाल, दीपक गोयल, राज अग्रवाल, शीतल सिंघल सहित अनेक गणमान्य ट्रस्टी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संयोजक प्रदीप गुप्ता ने सभी उपस्थित ट्रस्टियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन भवन न केवल समाज की एक धरोहर बनेगा, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों का एक सशक्त केंद्र भी सिद्ध होगा।
















