-क्लब का निरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और महिला शिक्षा के लिए प्रेरक मार्गदर्शन
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 में सोमवार को आयोजित आधिकारिक चेयरमैन विजिट अत्यंत गरिमामय और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपिका बाली के साथ डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन दीपक गोयल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी। चेयरमैन दीपिका बाली ने क्लब का गहन निरीक्षण करते हुए सभी सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की और संगठन के नियमों, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने क्लब के संपूर्ण लेखा-जोखा की समीक्षा की और सदस्यों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए दीपिका बाली ने सदस्यों से आग्रह किया कि प्रत्येक सदस्य कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए और प्रकृति को सुरक्षित रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। इसी संदेश के तहत सभी सदस्यों को एक-एक जूट बैग/कपड़े का थैला प्रदान किया गया और प्लास्टिक का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद करने की प्रेरणा दी गई।
साथ ही, उन्होंने प्लास्टिक की बोतलों की जगह अपनी पानी की बोतल साथ रखने का संदेश भी दिया। सेवा और संवेदना की भावना को आगे बढ़ाते हुए क्लब के सभी कर्मियों को ठंड से बचाव के लिए गरम मफलर वितरित किए गए। इसके अलावा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में कदम उठाते हुए स्लम क्षेत्रों के स्कूलों में पढऩे वाली किशोरियों के लिए सैनिटरी नैपकिन्स उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में स्वच्छता, सुरक्षा और आत्मसम्मान का भाव जागृत हो। कार्यक्रम में क्लब की प्रधान अदिति भादवाज ने अतिथियों का स्वागत किया, सचिव शैली गर्ग ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और क्लब द्वारा वर्षभर किए गए सेवा कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा साझा किया। वहीं, अंकिता सिंह ने चेयरमैन दीपिका बाली का स्वागत करते हुए उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा भाव पर प्रकाश डाला।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में दीपिका बाली जी ने कहा कि इनर व्हील केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना है, जो समाज के हर सुख-दुख में साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने क्लब के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रतिभा, सुनीता, मधुश्री, उपमा, संतोष, उमा, पायल, पूजा, नुपुर, शीतल एवं आराध्या सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता में योगदान दिया।

















