- स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष पहल
- सफाई मित्रों का सम्मान और स्वच्छता अभियान में योगदान
- नगर निगम के सभी जोनों में जारी स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा कार्यक्रम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम ने शहर में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को विशेष सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ मिलकर सिटी जोन के 100 से अधिक सफाई मित्रों को पीपीई किट वितरित की और उनके स्वास्थ्य का परीक्षण भी कराया। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के 5000 से अधिक सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण और पीपीई किट वितरण प्रक्रिया पूरे जनपद में क्रमश: जारी है।
सभी जोनों में स्वास्थ्य जांच, हेल्थ चेकअप कैंप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सफाई मित्र न केवल अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था में अधिक सक्रिय और प्रभावी योगदान दे सकें। नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन सुबह जल्दी उठकर शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका यह योगदान सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे शहर के लिए अत्यंत आवश्यक कार्य है। इसलिए उनके सम्मान और स्वास्थ्य का ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में सफाई मित्रों को स्वच्छता सर्वेक्षण में गाजियाबाद को नंबर-वन बनाने के लिए प्रेरित भी किया गया। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी तथा उद्यान विभाग की टीम भी उपस्थित रही।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सफाई मित्र सुरक्षित और स्वस्थ रहें, ताकि वे अपने महत्वपूर्ण कार्य को निरंतर और प्रभावी ढंग से जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का भी अवसर है। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के सभी जोनों में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य और सुरक्षा अभियान आयोजित किए जाते रहेंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सफाई मित्र अपने कार्यों को पूरी सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ करें, ताकि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधा में कोई कमी न आए।
















