यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में विकास की नई दिशा: यीडा लाएगा डिजिटल म्यूज़ियम और वेलनेस हब

– हेरिटेज सिटी में आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक धरोहर का संगम
-धनौरी वेटलैंड में बायोडायवर्सिटी पार्क से पर्यावरण को मिलेगा नई पहचान
-योग और वेलनेस सेंटर से शहरवासियों को मिलेगा स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के निर्माण के साथ ही यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में बड़े विकास प्रॉजेक्ट्स की श्रृंखला शुरू होने जा रही है। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा डिजिटल म्यूज़ियम, योग सेंटर और वेलनेस सेंटर विकसित किए जाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इन परियोजनाओं के लिए पहले उपयुक्त लोकेशन का चयन किया जाएगा, इसके बाद कंसल्टेंट नियुक्त किए जाएंगे।

यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी में भी इन सुविधाओं को विकसित करने की तैयारी है। हालांकि, यदि इस प्रॉजेक्ट में किसी कारणवश देरी होती है तो इन्हें किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर भी विकसित किया जा सकता है। इसके साथ ही धनौरी क्षेत्र के पास बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। धनौरी को वेटलैंड घोषित करते हुए करीब 116 हेक्टेयर क्षेत्र में बायोडायवर्सिटी पार्क का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। डिजिटल म्यूज़ियम में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, कलात्मक और वैज्ञानिक धरोहरों को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

इसमें चित्रों, दस्तावेज़ों, मूर्तियों और कलाकृतियों की तस्वीरें, वीडियो, 3D मॉडल और ऑडियो विवरण शामिल होंगे, जिससे विरासत को अधिक से अधिक लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सके। वेलनेस सेंटर में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां योग, ध्यान, प्राणायाम, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, फिटनेस ट्रेनिंग और तनाव प्रबंधन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं योग सेंटर में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा योगासन, प्राणायाम और ध्यान का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र को एक आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय केंद्र बनाना है। नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के निर्माण के साथ ही हम डिजिटल म्यूज़ियम, योग सेंटर और वेलनेस सेंटर जैसी प्रमुख परियोजनाओं पर काम शुरू कर चुके हैं। इन सुविधाओं से आगंतुकों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक धरोहरों का अनुभव डिजिटल माध्यम से मिलेगा।

आरके सिंह ने कहा कि हम पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। धनौरी क्षेत्र में लगभग 116 हेक्टेयर में बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया जाएगा, जो न केवल प्राकृतिक संतुलन बनाएगा बल्कि पर्यावरणीय शिक्षा और पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से पूरी हों। हमारा प्रयास है कि यीडा क्षेत्र निवेशकों, नागरिकों और पर्यटकों के लिए आकर्षक, सुरक्षित और लाभकारी बने, जिससे क्षेत्र का विकास और रोजगार सृजन सुनिश्चित हो।