खोड़ा में 17.20 करोड़ से दूर होगी पेयजल संकट की समस्या: सुनील शर्मा

-कैबिनेट मंत्री ने डीएम व विभागीय अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, नलकूप, ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार को मिली मंजूरी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लंबे समय से भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे खोड़ा कॉलोनी के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका क्षेत्र में जल समस्या के स्थायी समाधान के लिए 17.20 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत नए नलकूप, ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन विस्तार और जल रिचार्ज जैसे कार्य कराए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सुनील कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि खोड़ा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड तक शुद्ध पेयजल पहुंचे और लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े। शुक्रवार को प्रताप विहार स्थित गंगाजल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के गेस्ट हाउस में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के साथ खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद, जल निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में खोड़ा क्षेत्र की पेयजल समस्या, चल रहे विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कैबिनेट मंत्री ने खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन वाटर रिचार्ज (सीडब्ल्यूआर) के माध्यम से वाटर लॉकिंग की जाएगी, जिससे भूजल स्तर को बेहतर किया जा सके। इसके साथ ही तीन नए नलकूप स्थापित करने, ओवरहेड टैंक निर्माण, नलकूपों और पाइपलाइन विस्तार के लिए 1720.20 लाख रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि विधायक निधि और वर्ष 2025-26 के लिए 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से भी पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत वार्ड-33 लोकप्रिय विहार द्वितीय में अपर जलाशय के पास 30 एचपी का नलकूप, वार्ड-7 राजीव नगर में लोधी पुलिस चौकी के पास 30 एचपी का नलकूप तथा खोड़ा थाने के पास 30 एचपी का नलकूप स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड-1, 2, 3 तथा वार्ड-8, 12, 14, 18, 21 और 25 में पाइपलाइन विस्तार कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में खोड़ा क्षेत्र के स्कूलों के कायाकल्प की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि दो विद्यालयों का कायाकल्प कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि दो अन्य विद्यालयों के लिए प्रस्ताव स्वीकृत किए जा चुके हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों को साहिबाबाद क्षेत्र में जर्जर और टूटे तारों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए, ताकि हादसों से बचा जा सके। कैबिनेट मंत्री ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मीट-मांस, खाद्य पदार्थ, मिष्ठान दुकानों और रेस्टोरेंट में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने, सैंपल लेकर लैब परीक्षण कराने और बिना वैध लाइसेंस संचालित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को सभी वार्डों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने और कूड़ा उठाने वाले वाहनों तथा पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। बैठक में खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के हस्तांतरण, शेष सरकारी स्कूलों के कायाकल्प, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था, जर्जर विद्युत तारों, अवैध विज्ञापन होर्डिंग, खुली मीट-मांस दुकानों तथा जल निगम द्वारा नंगला अटौर में निर्मित किए जा रहे रेनीवेल की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान में खोड़ा नगर पालिका परिषद के 34 वार्डों में प्रतिदिन 70 टैंकरों के माध्यम से 0.47 एमएलडी पेयजल आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा 10 स्थानों पर 5000 लीटर की अस्थायी टंकियों से 0.10 एमएलडी तथा ट्यूबवेल से 0.29 एमएलडी जल की आपूर्ति की जा रही है। कुल मिलाकर 0.83 एमएलडी जल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही स्थायी समाधान के लिए जिन क्षेत्रों में पीने योग्य भूजल पाया गया है, वहां तीन नलकूप लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने भरोसा दिलाया कि इन योजनाओं के पूरा होते ही खोड़ा क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा।