हीमोफीलिया पीड़ितों के लिए नोएडा हेमाथॉन बना जानकारी और संबल का मंच

-इलाज, व्यायाम और भरोसे का संगम, हेमाथॉन में उमड़ा जनसैलाब
-जागरूकता दौड़ में बच्चों और परिजनों की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
-नॉन-फैक्टर थेरेपी और फैक्टर उपलब्धता पर हुई गंभीर चर्चा
-चिकित्सकों और फिटनेस विशेषज्ञों ने साझा किए उपचार और देखभाल के सुझाव
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। हीमोफीलिया जैसी गंभीर और आजीवन रहने वाली रक्तस्राव संबंधी बीमारी के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को हीमोफीलिया सोसाइटी नोएडा की ओर से नोएडा हाट में भव्य जागरूकता कार्यक्रम ‘नोएडा हेमाथॉन’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, फिटनेस विशेषज्ञों, हीमोफीलिया से पीडि़त बच्चों, उनके परिजनों और आम लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने हीमोफीलिया के आधुनिक इलाज, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, व्यायाम की भूमिका और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। स्नातकोत्तर बाल स्वास्थ्य संस्थान, नोएडा के डीन डॉ. डी.के. सिंह ने बतौर विशिष्ट अतिथि हीमोफीलिया के इलाज में नॉन-फैक्टर रिप्लेसमेंट थेरेपी यानी फैक्टर रहित प्रतिस्थापन चिकित्सा पर जानकारीपूर्ण व्याख्यान दिया।