-कक्षा 5 के छात्रों ने झांकियों और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से दिखाया ज्ञान और कौशल
-प्रदूषण, सोशल मीडिया और गणित जैसे विषयों पर जागरूकता भरी प्रस्तुतियां
-प्राथमिक से माध्यमिक स्तर की ओर बढ़ते विद्यार्थियों का हुआ उत्साहवर्धन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित केडीबी विद्यालय के प्रांगण में 19 और 20 मार्च को ‘स्टेप अप सेरेमनी’ का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 5 के विद्यार्थियों को प्राथमिक स्तर से माध्यमिक स्तर की ओर अग्रसर करते हुए उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम के पहले दिन 19 मार्च को कक्षा 5 ‘सी’ और 5 ‘डी’ के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 5 ‘सी’ के छात्रों ने ‘डेस्टिनेशन वेकेशन’ विषय पर आकर्षक प्रस्तुति देते हुए भारत के विभिन्न राज्यों की झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों ने एक परिवार की यात्रा को दर्शाते हुए यह बताया कि किस प्रकार लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाकर अपनी छुट्टियां मनाते हैं और इसके लिए किस तरह की तैयारियां की जाती हैं। उनकी प्रस्तुति में रचनात्मकता और टीमवर्क की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। वहीं कक्षा 5 ‘डी’ के विद्यार्थियों ने ‘प्रदूषण मुक्त पृथ्वी’ विषय पर जागरूकता से भरपूर प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपने अभिनय और झांकियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि किस प्रकार हम सभी मिलकर पर्यावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बना सकते हैं।
उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन 20 मार्च को कक्षा 5 ‘ए’ और 5 ‘बी’ के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कक्षा 5 ‘ए’ के छात्रों ने सोशल मीडिया और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव पर आधारित प्रस्तुति दी। उन्होंने दिखाया कि किस प्रकार आज के समय में छोटे बच्चे मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग के कारण प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों ने इस माध्यम से यह संदेश दिया कि उन्हें अपने जीवन में पुस्तकों, कहानियों और खेलकूद को अधिक महत्व देना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
कक्षा 5 ‘बी’ के विद्यार्थियों ने ‘हर जगह गणित’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि दैनिक जीवन में गणित का कितना महत्वपूर्ण स्थान है।
उन्होंने सरल और रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि गणित केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं निर्देशिका महोदया उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘स्टेप अप सेरेमनी’ के माध्यम से बच्चों को प्राथमिक स्तर से आगे बढ़ते हुए नई चुनौतियों के लिए तैयार किया गया। यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव बना, बल्कि उनके भीतर सीखने और आगे बढऩे की प्रेरणा भी जागृत कर गया।
















