CEO कृष्णा करुणेश ने एलिवेटेड रोड को दी मंजूरी, चिल्ला एलिवेटेड रोड विस्तार से बदलेगी नोएडा की ट्रैफिक तस्वीर

-150 करोड़ की लागत से सेक्टर-94 तक बनेगा नया 1.5 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर
-महामाया फ्लाईओवर से एक्सप्रेसवे तक सीधी कनेक्टिविटी, दिल्ली-नोएडा सफर होगा तेज और आसान
-जाम से राहत, समय व ईंधन की बचत-चिल्ला बॉर्डर ट्रैफिक के लिए बनेगा नया विकल्प

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने ट्रैफिक दबाव कम करने और दिल्ली-नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। नोएडा प्राधिकरण ने चिल्ला एलिवेटेड रोड को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर-94 तक 1.5 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड मार्ग बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

यह नया एलिवेटेड मार्ग महामाया फ्लाईओवर के पास से शुरू होकर सेक्टर-94 तक जाएगा। वर्तमान में करीब 5.5 किलोमीटर लंबी चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जारी है। प्रस्तावित 1.5 किलोमीटर के विस्तार के बाद यह पूरा एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग 7 किलोमीटर लंबा हो जाएगा, जिससे यातायात को नई दिशा मिलेगी। सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब प्राधिकरण विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाएगा। डीपीआर में तकनीकी पहलुओं, डिजाइन, निर्माण प्रक्रिया और लागत का विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया के जरिए निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना के तहत यह एलिवेटेड रोड यमुना पुस्ता मार्ग के साथ-साथ आगे बढ़ेगी और भविष्य में इसे यमुना एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की योजना है।

साथ ही, विभिन्न स्थानों पर लूप और कनेक्टिंग रोड बनाए जाएंगे, ताकि आसपास के सेक्टरों के लोग भी इसका लाभ उठा सकें। इस एलिवेटेड रोड के निर्माण से दिल्ली से आने-जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में अधिकांश वाहन नोएडा के अंदरूनी क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं, जिससे सेक्टर-18, फिल्म सिटी और एक्सप्रेसवे पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नया मार्ग बनने के बाद वाहन बिना शहर के भीतर प्रवेश किए सीधे सेक्टर-94 और आगे एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे।

यह परियोजना खासतौर पर चिल्ला बॉर्डर से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट करने में सहायक होगी और नोएडा के व्यस्त इलाकों में जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगी। इससे न केवल यात्रा समय घटेगा, बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी भी आएगी। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना शहर की बढ़ती यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है और इसके पूरा होने पर नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी।

कृष्णा करुणेश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
नोएडा प्राधिकरण

चिल्ला एलिवेटेड रोड का विस्तार केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि नोएडा की बदलती ट्रैफिक व्यवस्था को नई दिशा देने वाला बड़ा कदम है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-नोएडा के बीच जाम की समस्या को स्थायी रूप से कम करना और नागरिकों को तेज, सुरक्षित व निर्बाध सफर उपलब्ध कराना है। सेक्टर-94 तक बनने वाला नया एलिवेटेड कॉरिडोर ट्रैफिक डायवर्जन में गेम चेंजर साबित होगा, जिससे शहर के अंदरूनी मार्गों पर दबाव कम होगा और प्रमुख क्षेत्रों में जाम की समस्या में उल्लेखनीय सुधार आएगा। प्राधिकरण इस परियोजना को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समयसीमा में पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके और नोएडा एक आधुनिक, स्मार्ट और ट्रैफिक-फ्रेंडली शहर के रूप में उभर सके।
कृष्णा करुणेश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
नोएडा प्राधिकरण