– 71 आवासीय, व्यवसायिक और ग्रुप हाउसिंग संपत्तियां होंगी नीलामी में शामिल
– हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया, उच्चतम बोली लगाने वालों को मिलेगा मौका
– फरवरी तक 657 करोड़ की संपत्तियां बेच चुका प्राधिकरण, इस बार भी बड़ी उम्मीदें
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की विभिन्न योजनाओं में खाली पड़े आवासीय, व्यवसायिक और ग्रुप हाउसिंग भूखंडों सहित दुकानों की खरीद के इच्छुक लोगों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। प्राधिकरण की ओर से 30 मार्च को विशेष नीलामी आयोजित की जा रही है, जिसमें शहर के प्रमुख क्षेत्रों की कुल 71 संपत्तियों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर आयोजित होने वाली यह नीलामी लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए इच्छुक खरीदारों को खुली बोली के माध्यम से भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि इस बार की नीलामी में कोयल एंक्लेव, इंदिरापुरम, कौशांबी, वैशाली, आंबेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर, कर्पूरीपुरम और यूपी बॉर्डर क्षेत्र की दुकानों के साथ-साथ आवासीय एवं व्यवसायिक भूखंड शामिल किए गए हैं। इसके अलावा ओल्ड ऐज होम और ग्रुप हाउसिंग से जुड़े भूखंड भी नीलामी में उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि नीलामी में वही खरीदार सफल होगा, जो संबंधित संपत्ति के लिए सबसे अधिक बोली लगाएगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सिंगल बोली पर किसी भी संपत्ति की बिक्री नहीं की जाएगी। इसके चलते खरीदारों के बीच प्रतिस्पर्धा बढऩे की संभावना है और प्राधिकरण को बेहतर राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है। नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक आवेदकों को 26 मार्च तक आवेदन जमा करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने वाले ही बोली में शामिल हो सकेंगे। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, शहर में तेजी से बढ़ती रियल एस्टेट मांग को देखते हुए इस बार नीलामी में अच्छी भागीदारी की उम्मीद है।
प्राधिकरण पहले भी नीलामी के माध्यम से बड़ी सफलता हासिल कर चुका है। फरवरी माह तक जीडीए करीब 657 करोड़ रुपये की संपत्तियों की बिक्री कर चुका है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्तियां नीलामी के लिए रखी गई हैं। अधिकारियों का मानना है कि नीलामी से जहां एक ओर प्राधिकरण की आय में वृद्धि होगी, वहीं शहर में योजनाबद्ध विकास को भी गति मिलेगी। आवासीय और व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। जीडीए ने इच्छुक खरीदारों से अपील की है कि वे निर्धारित शर्तों और नियमों का पालन करते हुए नीलामी में भाग लें और उपलब्ध संपत्तियों का लाभ उठाएं। यह नीलामी शहर में निवेश और संपत्ति खरीदने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
















