-नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास को समर्पित आधुनिक प्री-स्कूल की शुरुआत
-क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने फीता काटकर किया उद्घाटन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित अन्नपूर्णा लाइन क्षेत्र में रविवार को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल के क्षेत्र में एक नई पहल के रूप में जिंगल टोंस प्री स्कूल एंड डे केयर का भव्य शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह उत्साह, सामाजिक सहभागिता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच का प्रतीक बना, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों और स्थानीय निवासियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन एवं फीता काटकर किया गया। प्री स्कूल की संस्थापक एवं समाजसेविका दिलप्रीत सेन ने पार्षद कुसुम मनोज गोयल का पौधा भेंट कर स्वागत किया और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उनके मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
जिंगल टोंस प्री स्कूल एंड डे केयर का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आधुनिक और संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करना है, जहां खेल-खेल में सीखने की पद्धति के माध्यम से उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा प्रणाली में भी परिवर्तन जरूरी है। प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला होती है और ऐसे संस्थान समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कौशांबी और आसपास के क्षेत्रों में कामकाजी अभिभावकों के लिए गुणवत्तापूर्ण डे केयर सुविधा की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे यह संस्थान पूरा करेगा।
उद्घाटन समारोह में प्लॉट एरिया अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गौगिया, महामंत्री उर्मिल अरोड़ा, इंद्रनिल सेन, मनसरित सिंह, जसविंदर सिंह, काजल वालिया, परमिंदर कौर, आरुष सेन, ममता शर्मा, मंजू यादव, अहाना सेन, रितु, डोली मल्होत्रा, एस.के. गोयल, मनीष चौहान, समीर, तन्वी, प्रेम गोयल, नीरज बबुल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्थान का अवलोकन करते हुए वहां उपलब्ध आधुनिक शिक्षण संसाधनों, बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण और डे केयर व्यवस्थाओं की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण देखभाल सबसे बड़ी प्राथमिकता बन चुकी है। ऐसे में क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्री स्कूल एवं डे केयर की शुरुआत अभिभावकों के लिए राहत भरी पहल साबित होगी। संस्थान में बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां, स्मार्ट लर्निंग सिस्टम, खेल आधारित शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान तथा प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था की गई है।
समारोह के दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी से जोडऩे का संदेश भी दिया गया। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि यह संस्थान न केवल बच्चों की शिक्षा बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शुभकामनाओं और सामाजिक सहयोग के संकल्प के साथ हुआ। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में अभिभावकों ने संस्थान में बच्चों के नामांकन को लेकर रुचि दिखाई। जिंगल टोंस प्री स्कूल एंड डे केयर की शुरुआत को कौशांबी क्षेत्र में शिक्षा और बाल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















