गढ़वाल को मिली अंतरराष्ट्रीय सुविधा: कोटद्वार में खुला डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र

-अब स्थानीय स्तर पर मिलेंगी पासपोर्ट सेवाएं, दूर शहरों के चक्कर से मिलेगी राहत
-विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने किया उद्घाटन, सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों को मिली सफलता
-नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, क्षेत्र में उत्साह का माहौल

उदय भूमि संवाददाता
कोटद्वार (उत्तराखण्ड)। गढ़वाल के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को कोटद्वार में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का भव्य लोकार्पण किया गया। विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने किया। इस अवसर पर गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री अनिल बलूनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूरी भूषण, लैंसडाउन विधायक दिलीप सिंह रावत, पौड़ी विधायक राज कुमार पोरी तथा कोटद्वार के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह और प्रसन्नता का विशेष वातावरण देखने को मिला। मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विदेश मंत्रालय नागरिक सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों की स्थापना का उद्देश्य यही है कि नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने के लिए महानगरों या दूरस्थ शहरों की यात्रा न करनी पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम संस्करण 2.0 को पूरे देश में लागू किया जा चुका है, जिससे आवेदन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बन गई है। वर्तमान में देशभर में 450 से अधिक डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र और 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र नागरिकों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने इस केंद्र की स्थापना के लिए सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका से ही ऐसी जनहितकारी योजनाएं धरातल पर उतर पाती हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अनिल बलूनी ने विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा एवं विदेश मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों की मांग थी कि पासपोर्ट सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं। अब इस केंद्र के शुरू होने से गढ़वाल क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय केवल पासपोर्ट जारी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और सम्मान सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संकट की घड़ी में भारतीय नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना मंत्रालय की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय की ओर से संयुक्त सचिव पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम-2 एस. कोवेंथन तथा देहरादून क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप उपस्थित रहे। भारतीय डाक सेवा की ओर से उत्तराखण्ड डाक परिमंडल के निदेशक डाक सेवा अनुसूया प्रसाद चमोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी समारोह में शामिल हुए। समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कोटद्वार में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे युवाओं, विद्यार्थियों, व्यवसायियों तथा विदेश यात्रा करने वाले नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा।

स्थानीय नागरिकों को मिली सुविधा
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में आवेदन करने वाले कुछ आवेदकों को प्रतीकात्मक रूप से पासपोर्ट वितरित किए गए। इस अवसर पर नागरिकों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून या अन्य शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। अब इस केंद्र के संचालन से कोटद्वार तथा आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को पासपोर्ट आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और अन्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि आमजन के लिए प्रक्रिया अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। समारोह ने क्षेत्र में विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर नई उम्मीदों को जन्म दिया। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ कोटद्वार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो प्रशासनिक सेवाओं को लोगों के करीब लाने और डिजिटल भारत की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।