12 साल बाद जागी यमुना पुश्ता सड़क की किस्मत, सीईओ कृष्णा करुणेश के फैसले से बदलेगी ट्रैफिक तस्वीर

-34 करोड़ की लागत से होगी 11 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत और री-सरफेसिंग
-खराब सड़क और जलभराव से मिलेगी राहत, मजबूत होगा वैकल्पिक ट्रैफिक कॉरिडोर

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश के अहम फैसले के बाद लंबे समय से बदहाल पड़ी यमुना पुश्ता सड़क को आखिरकार दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस अहम मार्ग की मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है। यह सड़क न केवल कई सेक्टरों और गांवों को जोड़ती है, बल्कि ट्रैफिक के वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

करीब 11.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण और मरम्मत कार्य पर लगभग 34.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग को सौंपी गई है, जबकि इसका पूरा वित्तीय भार नोएडा प्राधिकरण उठाएगा। यमुना किनारे बनी यह पुश्ता सड़क पहले स्थानीय आवागमन का एक अहम हिस्सा हुआ करती थी, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण इसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और जलभराव की समस्या आम हो गई थी। बारिश के दौरान हालात और बिगड़ जाते थे, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खराब स्थिति के कारण लोग इस मार्ग का उपयोग करने से बचने लगे थे, जिससे अन्य मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया था। अब प्रस्तावित मरम्मत कार्य के तहत सड़क की री-सरफेसिंग की जाएगी और इसकी मजबूती बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साथ ही, जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, ताकि भविष्य में सड़क जल्दी खराब न हो। अधिकारियों का मानना है कि इस बार निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद यमुना पुश्ता सड़क नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ट्रैफिक दबाव को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। साथ ही, प्राधिकरण इस सड़क को आगे विस्तार देने और इसे एक प्रभावी वैकल्पिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की भी योजना बना रहा है।स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों के लिए यह पहल काफी राहत भरी साबित हो सकती है। सड़क के सुधरने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि समय की भी बचत होगी और शहर की समग्र कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

कृष्णा करुणेश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
नोएडा प्राधिकरण

नोएडा में बेहतर और सुरक्षित यातायात व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। यमुना पुश्ता सड़क लंबे समय से उपेक्षित थी, जिससे नागरिकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस मार्ग के पुनर्निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि शहर को एक मजबूत वैकल्पिक ट्रैफिक कॉरिडोर भी मिलेगा। प्राधिकरण गुणवत्ता पूर्ण निर्माण और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि भविष्य में नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन का लाभ मिल सके।
कृष्णा करुणेश
सीईओ, नोएडा अथॉरिटी