-तीन झुग्गियां जलकर खाक, तेज लपटों और धुएं के बीच दमकल टीम ने संभाली कमान
-त्वरित कार्रवाई से आसपास की 40 झुग्गियों को सुरक्षित बचाया गया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सादिक नगर, सिहानी (मेरठ रोड) क्षेत्र में मंगलवार शाम झुग्गी बस्ती में लगी आग ने कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया, लेकिन दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और कुशल नेतृत्व के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दर्जनों झुग्गियां सुरक्षित बच गईं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि मंगलवार शाम 5 बजकर 32 मिनट पर फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि सादिक नगर क्षेत्र में झुग्गी-झोपडिय़ों में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में दो फायर टेंडर तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए। दमकल टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो तीन झुग्गियों में आग तेजी से फैल चुकी थी। आग की लपटें ऊंची उठ रही थीं और काला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया था। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी होने के कारण आग के तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। आसपास बड़ी संख्या में झुग्गियां होने से स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी।
राहुल पाल के अनुसार, दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए दो हौज पाइप लाइन फैलाकर पंपिंग शुरू की और समन्वित तरीके से आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने अत्यंत जोखिम भरे माहौल में काम करते हुए आग को चारों ओर फैलने से रोकने पर विशेष ध्यान दिया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग कुर्बान खान पुत्र हवेल खान की तीन झुग्गियों में लगी थी। घटना के समय झुग्गी मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे। स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। राहत की बात यह रही कि आग में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि झुग्गियों में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि यदि दमकल टीम कुछ मिनट भी देर से पहुंचती तो आग आसपास स्थित लगभग 40 झुग्गियों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि घनी बस्ती और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी, लेकिन दमकल कर्मियों की सूझबूझ और साहसिक कार्रवाई ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। राहुल पाल ने पूरी फायर टीम की सराहना करते हुए कहा कि दमकल कर्मी हर परिस्थिति में अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद दमकल विभाग का लक्ष्य केवल आग बुझाना ही नहीं बल्कि संभावित बड़े नुकसान को रोकना भी है। इस घटना में टीम ने उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि झुग्गी और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली के तारों, गैस सिलिंडर और ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग में विशेष सावधानी बरती जाए। छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। दमकल विभाग लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रहा है। दमकल विभाग की तत्परता और टीम वर्क के चलते सादिक नगर की झुग्गी बस्ती में संभावित बड़ी त्रासदी टल गई। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंची फायर टीम के साहस और तेजी की सराहना करते हुए राहत की सांस ली। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपात स्थिति में दमकल विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया कितनी महत्वपूर्ण होती है।
















