-भोजपुर न्याय पंचायत में आयोजित जन चौपाल में पेयजल, बिजली, प्रमुखता से उठे सड़क और आवास के मुद्दे
-ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को किया लाभान्वित, प्रशासनिक पहल की सराहना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को भोजपुर न्याय पंचायत स्थित पंचायत भवन में रात्रिकालीन ग्राम जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आयोजित इस विशेष जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भोजपुर सुचेता सिंह और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ भी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। ‘गांव की समस्या – गांव में समाधान’ की भावना के साथ आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, आवास, राशन, पेंशन, सिंचाई, स्वच्छता और राजस्व से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कई ग्रामीणों ने गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और लंबित समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया समझाई और अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए जागरूक किया। कई लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों का विश्वास शासन और प्रशासन के प्रति और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों में जाकर आमजन की समस्याओं को समझें और उनका समाधान करें। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। वहीं ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह ने भी ग्रामवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
रात्रिकालीन ग्राम जन चौपाल कार्यक्रम ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर समस्याएं सुनने और त्वरित समाधान की पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास, जनसेवा और समस्याओं के समयबद्ध समाधान के संकल्प के साथ हुआ।
















