गाजियाबाद के क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा महाकुंभ: 200 देशों में गूंजेगा जीपीएल का रोमांच

-राकेश मिश्रा की दूरदृष्टि से साकार हुआ सपना, 5 जून से 21 जून तक क्रिकेट के रंग में रंगेगा गाजियाबाद
-आईपीएल की तर्ज पर होगा आयोजन, देश-विदेश तक पहुंचेगी स्थानीय खिलाडिय़ों की प्रतिभा
-अल्फा क्रिकेट ग्राउंड बनेगा क्रिकेट का नया केंद्र, खेल जगत की दिग्गज हस्तियां करेंगी आगाज

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। क्रिकेट के प्रति बढ़ते जुनून और स्थानीय खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की दिशा में गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) एक ऐतिहासिक पहल करने जा रहा है। आगामी 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाली गाजियाबाद प्रीमियर लीग (जीपीएल) न केवल जिले के क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन बनने जा रही है, बल्कि यह प्रतियोगिता गाजियाबाद को देश के प्रमुख क्रिकेट केंद्रों की श्रेणी में खड़ा करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। खास बात यह है कि इस लीग का सीधा प्रसारण दुनिया के लगभग 200 देशों में किया जाएगा, जिससे जिले की प्रतिभा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकेगी। बुधवार को आरडीसी स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने जीपीएल की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने लीग को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि गाजियाबाद की खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास है।

राकेश मिश्रा ने बताया कि लीग का भव्य उद्घाटन समारोह 5 जून की शाम छह बजे राजनगर एक्सटेंशन स्थित अल्फा क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उद्योग, खेल और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। जेके सीमेंट के स्वामी एवं प्रबंध निदेशक निधिपति सिंघानिया तथा भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद प्रीमियर लीग को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, ताकि खिलाडिय़ों को पेशेवर क्रिकेट का अनुभव मिल सके। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम साढ़े तीन बजे से साढ़े छह बजे तक और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से रात 11 बजे तक होगा। लीग का समापन 21 जून को होगा। राकेश मिश्रा ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जीपीएल का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवा खिलाडिय़ों को अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें बड़े मंच नहीं मिल पाते।

जीपीएल के माध्यम से युवा खिलाडिय़ों को अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इस लीग में अनुभवी खिलाडिय़ों के साथ उभरते हुए क्रिकेटर भी भाग लेंगे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक ऊंचा होगा। जीपीएल की सबसे बड़ी विशेषता इसका अंतरराष्ट्रीय प्रसारण है। राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण पांच चैनलों पर किया जाएगा, जिससे दुनिया के लगभग 200 देशों में लोग इस लीग का आनंद ले सकेंगे। इससे गाजियाबाद की पहचान केवल औद्योगिक और शैक्षणिक शहर के रूप में ही नहीं, बल्कि एक उभरते हुए खेल केंद्र के रूप में भी स्थापित होगी। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य गाजियाबाद के खिलाडिय़ों को ऐसा मंच देना है जहां उनकी प्रतिभा पूरी दुनिया देख सके। जीपीएल भविष्य में जिले के क्रिकेटरों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। यह आयोजन गाजियाबाद की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है और हम इसे देश की प्रमुख क्रिकेट लीगों में शामिल करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

स्टेडियम में दर्शकों के लिए लगभग 700 से 800 सीटों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मैच के लिए 250 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष पास भी जारी किए जाएंगे ताकि वे इस बड़े आयोजन का व्यापक कवरेज कर सकें। राकेश मिश्रा की नेतृत्व क्षमता और खेल विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज गाजियाबाद प्रीमियर लीग जैसा विशाल आयोजन साकार हो रहा है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने जिले में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, युवा खिलाडिय़ों को अवसर उपलब्ध कराने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।

जीपीएल को भी उनकी दूरदर्शी सोच और मजबूत योजना का परिणाम माना जा रहा है। प्रेस वार्ता में यूपीसीए अंपायर पैनल के अध्यक्ष मनोज पुंडीर, जीसीए के महासचिव मनोज मांकड़, निदेशक डॉ. अरविंद डोगरा, सह-अध्यक्ष अनिल माथुर, निदेशक मतलूब मोहम्मद, ठाकुर अमर सिंह, शाहिद सैफी, सुनील सैनी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब 5 जून पर टिकी हैं, जब गाजियाबाद प्रीमियर लीग का भव्य आगाज होगा। उम्मीद की जा रही है कि यह प्रतियोगिता न केवल रोमांचक मुकाबलों का गवाह बनेगी, बल्कि जिले के युवा खिलाडिय़ों के सपनों को भी नई उड़ान देगी।