-यात्रा चरम पर, लाखों श्रद्धालुओं के बीच बढ़ी व्यवस्था संभालने की चुनौती
-धाम में समन्वय और व्यवस्थाओं की अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं राजकुमार तिवारी
-तीर्थ पुरोहितों ने प्रशासन से प्रमुख पदाधिकारियों की सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई
उदय भूमि संवाददाता
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ रहा है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। यात्रा सीजन अपने चरम पर है और गौरीकुंड से केदारनाथ तक के लगभग 19 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के कारण व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ा है, जिसके चलते कई स्थानों पर भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर चुनौतियां सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर भी यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र से जुड़े कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें भारी भीड़ और व्यवस्थागत दबाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ऐसे समय में यात्रा संचालन से जुड़े विभिन्न विभागों और संस्थाओं की जिम्मेदारियां भी कई गुना बढ़ गई हैं। प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय संस्थाओं के साथ-साथ तीर्थ पुरोहित समाज की प्रमुख संस्था श्री केदार सभा भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इन परिस्थितियों के बीच अब केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहित समाज श्री केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं सामने आने लगी हैं। क्योंकि इसमें कहीं न कहीं राजकुमार तिवारी को भी अपनी जान का खतरा रहता है। जिसकी वजह है कि केदारनाथ में उनकी सख्त कार्यशैली और नियमों का पालन कराना रहती है। यहीं कारण है कि केदानाथ में व्यवसाय करने वाले व्यापारी भी कहीं न कहीं अंदरखाने उनके खिलाफ रहते है। साथ ही इतनी कम उम्र में केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहित समाज श्री केदार सभा के अध्यक्ष बने रहना और बाबा बर्दी विशाल का सदस्या भी होना है। श्री केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी यात्रा अवधि के दौरान लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान, धार्मिक परंपराओं का निर्वहन, स्थानीय हितों से जुड़े मुद्दों का समन्वय और विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण कार्य उनकी जिम्मेदारियों में शामिल हैं। धाम में किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में वह और उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान का प्रयास करती है।
धार्मिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान धाम में प्रमुख जिम्मेदारियां निभाने वाले व्यक्तियों पर अतिरिक्त दबाव रहता है। लगातार भीड़, व्यवस्थाओं का संचालन और विभिन्न पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है। ऐसे में प्रशासन को उन लोगों की सुरक्षा और सुविधा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए जो यात्रा संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह मांग भी उठ रही है कि यात्रा अवधि के दौरान श्री केदार सभा सहित अन्य प्रमुख संस्थाओं के पदाधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। राजकुमार तिवारी की सुरक्षा को लेकर सरकार को भी ठोस कदम उठाने होंगे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और समन्वय तंत्र को और मजबूत बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। केदारनाथ धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यात्रा की सफलता केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी संस्थाओं और लोगों के सहयोग पर निर्भर करती है जो दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था में जुटे रहते हैं। यात्रा के शेष चरणों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, चिकित्सा, आपदा प्रबंधन और समन्वय व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।















