-वेवसिटी थाने में पीस कमेटी बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर दिया जोर
-एसीपी प्रियाश्री पाल की सख्त कार्यशैली से क्षेत्र में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा
-जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद कर शांति व्यवस्था मजबूत करने की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना वेवसिटी परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वेवसिटी प्रियाश्री पाल ने की। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ विस्तृत संवाद कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। बैठक में एसीपी प्रियाश्री पाल ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि सभी पर्व और उत्सव आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के प्रतीक हैं तथा इन्हें शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रियाश्री पाल की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में पहले से ही एक सख्त और अनुशासित अधिकारी की छवि बनी हुई है। वेवसिटी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है। अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर उनके नेतृत्व में पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
यही कारण है कि क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पीस कमेटी की बैठक के दौरान एसीपी ने उपस्थित लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में भ्रामक और भड़काऊ संदेश तेजी से फैलते हैं, इसलिए नागरिकों को भी सतर्क रहना होगा और बिना सत्यापन किसी भी सूचना को आगे प्रसारित नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि समाज के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर समस्याओं का समय रहते समाधान करना भी है। इसी सोच के तहत नियमित रूप से पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन किया जाता है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि एसीपी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्र की समस्याओं पर गंभीरता से कार्य कर रही है और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच लगातार बढ़ता संवाद क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनाने में सहायक साबित हो रहा है। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बैठक के दौरान सभी धर्मगुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने समुदायों में शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि त्योहार समाज को जोडऩे का माध्यम होते हैं और इन अवसरों पर सभी को मिल-जुलकर एकता का परिचय देना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वाले व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक के समापन पर एसीपी प्रियाश्री पाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता की साझी भागीदारी से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण संभव है। पीस कमेटी की यह बैठक आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारी और कानून-व्यवस्था के प्रति उसकी गंभीरता का स्पष्ट संदेश देने वाली रही।















