भारतीय समुद्र क्षेत्र में घुसी पाकिस्तानी नाव

बीएफएफ ने नौका और मछुआरे को पकड़ा

नई दिल्ली। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम ने गुजरात तट के पास भारतीय समुद्री क्षेत्र में पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है। नाव पर मछुआरा भी सवार था। मछुआरे से सघन पूछताछ चल रही है। सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ ने यह जानकारी दी है। बीएसएफ के मुताबिक शनिवार की देर शाम सर क्रीक क्षेत्र में बीएसएफ की गुजरात सीमा के कर्मियों ने गश्ती के दौरान पाकिस्तान मछुआरे को पकड़ा। वह नाव पर सवार होकर गलत तरीके से भारतीय समुद्र क्षेत्र में घुस आया था। बीएसएफ के जवान सर क्रीक के सामान्य क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दरम्यान उन्होंने मछली पकड़ने में इस्तेमाल पाकिस्तानी नौका को देखा, जो खराब समुद्री दशा और निम्न दृश्यता के कारण भारतीय क्षेत्र में पहुंच गई थी। ऐसे में बीएसएफ गश्त टीम ने पाकिस्तानी मछुआरे के साथ नाव को जब्त कर लिया। बीएसएफ ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र निवासी खालिद हुसैन (35) के रूप में हुई है। बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि खालिद हुसैन के कब्जे से 20 लीटर डीजल, मोबाइल फोन, मछली पकडऩे के 2 जाल, प्लास्टिक के धागे के 8 बंडल और कुछ केकड़ों को जब्त किया गया है। पाकिस्तानी मछुआरे खालिद से पूछताछ चल रही है। बता दें कि गुजरात के सर क्रीक क्षेत्र पर बीएसएफ जवानों की हमेशा पैनी नजर रहती है। दरअसल इस रास्ते से पाकिस्तानी आतंकवादियों के घुसपैठ करने की संभावना रहती है। खासकर सर्दी के मौसम में घने कोहरे का फायदा उठाकर आतंकी घुसपैठ की फिराक में रहते हैं। सर क्रीक के पास भारतीय समुद्री क्षेत्र है। इस क्षेत्र की निगरानी बीएसएफ के जिम्मे है। दरअसल पाकिस्तान किसी न किसी रास्ते से आतंकियों की भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने का षडयंत्र रचता रहता है। इसके चलते सुरक्षा बलों को दिन-रात सतर्क रहना पड़ता है।