एक पेड़ मां के नाम से हरियाली की नई उड़ान, विजयनगर से शुरू हुआ गाजियाबाद का महाअभियान

-वन महोत्सव का आगाज, सात दिनों तक 100 वार्डों में होगा वृहद पौधारोपण अभियान
-आर्मी लैंड की 48 एकड़ भूमि पर छह लाख पौधे लगाने की तैयारी, पहले चरण में नौ एकड़ में एक लाख पौधों का रोपण शुरू
-मियावकी पद्धति से बदली शहर की तस्वीर, 3.88 लाख पौधे बन चुके हैं वृक्ष; स्वच्छ और हरित गाजियाबाद की ओर निगम का बड़ा कदम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेशव्यापी वन महोत्सव को सफल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विजयनगर से वृहद पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, क्षेत्रीय पार्षदों तथा नगर निगम के अधिकारियों ने विजय नगर स्थित आर्मी लैंड में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर नगर निगम ने लगभग नौ एकड़ भूमि पर एक लाख से अधिक पौधे लगाने का कार्य प्रारंभ किया। इसके साथ ही घोषणा की गई कि एक जुलाई से सात जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव के दौरान शहर के सभी 100 वार्डों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर शासन द्वारा निर्धारित एक लाख आठ हजार पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बन चुका है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम विकास कार्यों के साथ-साथ हरित गाजियाबाद बनाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। विजयनगर क्षेत्र में सड़क, नाली, पार्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विजय नगर स्थित आर्मी लैंड की लगभग 48 एकड़ भूमि पर छह लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे, जिससे आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र शहर के सबसे बड़े हरित क्षेत्रों में शामिल होगा। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नगर निगम केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनाने की दिशा में भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा अब तक शहर के लगभग 17 स्थानों पर वर्षों से जमा गंदगी और कूड़े के ढेर हटाकर मियावकी पद्धति से सघन पौधारोपण किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अब तक 3 लाख 88 हजार 961 पौधे सफलतापूर्वक वृक्ष का स्वरूप ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम की पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता का प्रमाण है और आने वाले समय में ऐसे और भी हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि हर्ष इंडस्ट्रियल एरिया, मोहन नगर, पाइप मार्केट साहिबाबाद, राजेंद्र नगर इंडस्ट्रियल एरिया, साउथ साइड इंडस्ट्रियल एरिया विजयनगर, सिद्धार्थ विहार, रक्षा राइफल आर्मी ग्राउंड, रईसपुर, लोहा मंडी, बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया, महर्षि दयानंद पार्क, इंदिरापुरम कनावनी ब्रिज क्षेत्र तथा सिटी फॉरेस्ट उपवन सहित कई स्थानों पर गंदगी हटाकर पौधारोपण किया गया है।

इन क्षेत्रों में विकसित हो रहे घने हरित वन अब शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत इस बार पूरे शहर में सघन पौधारोपण किया जाएगा। निगम की खाली भूमि, आर्मी लैंड, सेंट्रल वर्ज, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को पौधारोपण अभियान में तेजी लाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षदों ने विजयनगर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और बड़े स्तर पर चल रहे पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए महापौर एवं नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।

उनका कहना था कि हरित क्षेत्र बढऩे से न केवल पर्यावरण संतुलित होगा, बल्कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन स्तर भी मिलेगा। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति की जाएगी। सात दिवसीय अभियान में शहर के सभी वार्डों में पौधारोपण के साथ-साथ नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। अभियान के दौरान फलदार, छायादार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। कार्यक्रम के अंत में महापौर और नगर आयुक्त ने नगर निगम के मालियों एवं उद्यान विभाग के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनभागीदारी के साथ चलाया जा रहा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान गाजियाबाद को हरियाली की नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और शहर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगा।