आज समूची दुनिया की भारत पर नजर : मोदी

अलीगढ़ मुस्लिम विवि का शताब्दी समारोह

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) का इतिहास अमूल्य धरोहर है। इसे संजोकर रखना होगा। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर भी जोर दिया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की स्थापना के शताब्दी समारोह को संबोधित कर प्रधानमंत्री मोदी ने उक्त विचार व्यक्त किए। एएमयू की स्थापना को 100 साल पूरे हो गए हैं। दिसंबर 1920 में तत्कालीन कुलपति मोहम्मद अली मोहम्मद खान राजा साहब ने औपचारिक रूप से एएमयू की शुरुआत की थी। इस उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समाज में वैचारिक मतभेद होते हैं, मगर लेकिन जब बात राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने की हो तो प्रत्येक मतभेद को पीछे कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज समूची दुनिया की नजर भारत पर है। पिछली शताब्दी में मतभेदों के नाम पर काफी समय जाया हो चुका है। अब समय को गंवाना नहीं है। सभी को एक लक्ष्य के साथ मिलकर नया भारत, आत्मनिर्भर भारत बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना संकट के दौरान एएमयू के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल में एएमयू ने समाज की मदद की अभूतपूर्व सहायता की है। नागरिकों का निशुल्क टेस्ट कराना, आइसोलेशन वार्ड बनाना, प्लाज्मा बैंक बनाना और पीएम केयर फंड में योगदान देना समाज के प्रति आपके दायित्यों को पूरा करने की गंभीरता को दिखाता है। पीएम ने कहा कि एएमयू में एक मिनी इंडिया दिखाई देता है। यहां एक ओर उर्दू पढ़ाई जाती है, तो हिंदी भी, अरबी पढ़ाई जाती है तो संस्कृति की शिक्षा भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि आज देश जो योजनाएं बना रहा है, वह बिना किसी मजहब के भेद के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। बिना भेदभाव 40 करोड़ से अधिक गरीबों के बैंक खाते खुले, 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के मकान दिए गए। 8 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को गैस सिलेंडर मिला।