द बर्निंग कार, 5 नागरिकों की जलकर मौत

आगरा : यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा
कंटेनर से टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर में आग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना का सिलसिला रूक नहीं पाया है। अब आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को तड़के कंटेनर से टक्कर होने के बाद कार में भीषण आग लग गई। ऐसे में कार सवार 5 नागरिकों की जलकर मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कंटेनर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आगरा में खंदौली थाना क्षेत्र के झरना नाले पर आज तड़के यह वीभत्स दुर्घटना घटी। प्रात: करीब पौने 5 बजे आगरा से नोएडा की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अचानक कंटेनर के डीजल टैंक से जा टकराई। भीषण टक्कर के बाद कार में आग लग गई। इस बीच कार सवार 5 व्यक्तियों को जान बचाने तक का मौका नहीं मिल पाया। वह सभी आग की चपेट में आ गए। पांचों नागरिकों की मौके पर मौत हो गई। दमकल विभाग की टीम ने जब तक मौके पर जाकर आग बुझाई तब तक कार सवार दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार ने कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मारी दी। प्रारंभिक छानबीन में मालूम पड़ा कि कार लखनऊ निवासी युवक राजकुमार की है। मृतकों में एक बच्चा, एक महिला और 3 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच चल रही है। सभी नागरिक आगरा से नोएडा की तरफ जा रहे थे। सभी शव जल जाने के कारण इस कदर झुलस गए कि किसी को भी ठीक से पहचान पाना मुश्किल है। पुलिस का मानना है कि कार की गति अधिक होने और तड़के दृश्यता कम रहने के कारण यह हादसा हुआ है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर इसके पहले भी कई भीषण हादसे हो चुके हैं।