कबाडियों के गोदाम को निगम एवं आवास विकास ने किया ध्वस्त

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर लोगों ने किया पथराव

गाजियाबाद। नगर निगम एवं आवास विकास परिषद की टीम ने एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण एवं एनजीटी के आदेश पर भोपुरा के निकट कबाड़ियों के गोदामों पर कार्रवाई की है। इस बीच कुछ कबाड़ियों ने कार्रवाई कर रही टीम पर पथराव कर दिया। पथराव के दौरान नगर निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी जख्मी हो गए। गुरूवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम के मोहननगर जोनल प्रभारी शिव कुमार गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण और आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, जेई नीरज कुमार आदि भौपुरा में कुटी में प्लास्टिक गोदाम बंद कराने और अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे। जैसे ही टीम द्वारा जेसीबी मशीन चलाकर कार्रवाई की गई।

तभी कबाड़ का काम करने वाले महिला और पुरुष हाथों में डंडे, हथोड़ी, फावड़ा लेकर टीम की ओर दौड़ पड़े। सभी ने एकत्र होकर टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, कर्मचारी गजेंद्र और विनोद के हाथ में चोट पहुंची। कबाड़ का काम करने वाले लोगों ने जेसीबी और नगर निगम की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। बाद में मोहननगर जोनल प्रभारी एसके गौतम पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारियों को भी चोटें लगी है।

सूचना पर थाना टीला मोड़ प्रभारी निरीक्षक रण सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठियां फटकार कर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। सुरक्षा की दृष्टि से पीएसी को भी मौके पर बुलाया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब पांच घंटे तक कार्रवाई चली। इस दौरान सैकड़ों झुग्गियों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही भारी मात्रा में कबाड़ को जब्त किया। मौके पर साहिबाबाद थाने की पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। मोहननगर जोनल प्रभारी शिव कुमार गौतम ने बताया कि भौपुरा के पास कुटी में अवैध प्लास्टिक गोदाम की जमीन से अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी डालकर रह रहे लोग अवैध रूप से प्लास्टिक के गोदाम बनाए हुए हैं। एनजीटी के आदेश के तहत नगर निगम इन्हें यहां से हटाना चाहता है।

इन गोदामों को बंद कराने के लिए गई टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। पथराव करने ओर गोदाम बनाने वाले कबाड़ियों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान सैकड़ों झुग्गियों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही भारी मात्रा में कबाड़ को जब्त किया। एनजीटी के आदेश पर वायु प्रदूषण बढ़ने के चलते भौपुरा के पास कुटी में कबाड़ियों के गोदामों पर बुलडोजर चलाया गया। लोगोंं ने अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की मांग की।

साथ ही भूमि खाली किए जाने का आश्वासन दिया, जिस पर अधिकारियों ने एक दिन का समय देकर कार्रवाई रोक दी। एक दिन में भूमि खाली न होने पर अधिकारियों ने पुन: झुग्गियों को ध्वस्त करने और कबाड़ को जब्त करने की चेतावनी दी। जोनल प्रभारी ने बताया कि यदि पुन: प्रतिबंधित प्लास्टिक को आग के हवाले करने से संबंधित शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में मामले दर्ज कराए जाएंगे।

अधिकारियों ने भागकर बचाई जान:
मोहन नगर जोन के कुटी में प्लास्टिक जब करने पहुंची नगर निगम की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से नगर निगम के अधिकारी हक्के-बक्के रह गए। दरअसल नगर निगम की टीम जब कार्रवाई करने पहुंची थी तब उनके साथ पुलिस नहीं पहुंची इस कारण हंगामा बढ़ गया। नगर निगम के चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, एक्सक्यूटिव इंजीनियर देशराज सिंह, असिस्टेंट इंजीनियर अनिल त्यागी, जेई संजय कुमार गंगवार पर हंगामा कर रहे लोगों ने ईट पत्थर फेंके और डंडा लेकर पीछे भागे। सभी लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। चीफ इंजीनियर की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए।

जोनल अधिकारी की रही लापरवाही:
बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम के साथ जो कुछ भी हुआ उसके लिए निगम के अधिकारी ही जिम्मेदार हैं। दरअसल किसी भी बड़ी कार्रवाई के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते के साथ स्थानीय पुलिस फोर्स भी रहती है जो उपद्रव करने वालों को संभालती है। लेकिन मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी शिव कुमार गौतम ने अति उत्साह दिखाते हुए बिना पुलिस और प्रवर्तन टीम के आए कार्रवाई शुरू कर दी। वह तो गनीमत रही कि कोई दुखद दुर्घटना नहीं हुई। लेकिन निगम अधिकारियों को इस घटना से सीख लेनी चाहिए और पूरी तैयारियों के साथ ही कार्रवाई करनी चाहिए।