-विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल करेगी जांच एजेंसी
उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पुलवामा आतंकी हमले में चार्जशीट तैयार कर ली है। चार्जशीट में जांच एजेंसी ने अह्म खुलासे किए हैं। यह चार्जशीट एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल की जानी है। एनआईए ने जांच में पाया है कि पाकिस्तान से बीस किलो आरडीएक्स लाकर इस हमले को अंजाम दिया गया था। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पिछले साल आतंकियों ने यह हमला किया था। हमले में केंद्रीय अर्धसैनिक बल के चालीस जवान शहीद हो गए थे। बाद में भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर आतंकी हमले का माकूल जवाब दिया थरा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की चार्जशीट में पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और उसके सरगना मसूद अजहर व रुउफ असगर का नाम बतौर आरोपी सम्मिलित किया गया है। चार्जशीट में कहा गया है कि आरडीएक्स सहित अन्य विस्फोटक आतंकी पीठ पर पाक से लाद कर लाए। आतंकी हमले से पहले एक अन्य आरोपी इकबाल रादर सहयोगी उमर फारूक को रात के अंधेरे में सीमा पार कराकर घाटी में लाया था। एनआईए को इस बात के वीडियो साक्ष्य भी मिल हैं, जिनमें अंधेरी रात में घुसपैठ की रणनीति का उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी को यह वीडियो आरोपी उमर फारूक के फोन में मिला है। इस फोन के जरिए एजेंसी को पूरी योजना के विषय में मालूम पड़ा। चार्जशीट में कहा गया है कि आतंकियों ने हमले में प्रयुक्त अमोनियम नाइट्रेट और नाइट्रो ग्लिसरीन सरीखे पदार्थ लोकल स्तर पर एकत्र किए थे। आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में इन विस्फोटक को ऑनलाइन भी खरीदा था। यह चार्जशीट एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल की जा सकती है। जम्मू में एनआईए की विशेष अदालत है। पुलवामा हमले में अभी तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। एनआईए की जांच-पड़ताल में यह भी पता चला है कि लेथपोरा के फर्नीचर दुकानदार ने आतंकी डार को अर्धसैनिक बलों के काफिले की पूरी जानकारी दी थी।
















