उत्तर प्रदेश में फिर पत्रकार की हत्या, सियासत गरमाई, सीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए

बलिया में वारदात के बाद प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला

उदय भूमि ब्यूरो
बलिया। उत्तर प्रदेश में बेखौफ अपराधी अब पत्रकारों की जान लेने पर आमादा हैं। गाजियाबाद के बाद बलिया में पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रकरण पर संज्ञान लिया है। उन्होंने पीडि़त परिवार को दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर सूबे की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। जनपद बलिया के फेफना कस्बा में टीवी पत्रकार रतन सिंह की हत्या से एकाएक सनसनी फैल गई। आपसी रंजीश और भूमि विवाद में यह वारदात की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरविंद सिंह, दिनेश सिंह और सुनील सिंह सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ के मुताबिक विवाद के दरम्यान पट्टीदारों ने पत्रकार रतन सिंह को गोली मार दी थी। ऐसे में घायल रतन ने दम तोड़ दिया। उधर, इस प्रकरण की गूंज लखनऊ तक सुनाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीडि़त परिवार को दस लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। सीएम योगी ने पीडि़त परिजनों के प्रति शोक संवेदना भी जाहिर की है। साथ आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पत्रकार रतन की हत्या पर राजनीति भी आरंभ हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि उप्र के मुख्यमंत्री सरका की स्पीड बताते हैं और अपराध का मीटर उससे दोगुनी स्पीड से भागने लगता है। उन्होंने कहा कि उप्र सरकार बार-बार आपराधिक घटनाओं पर पर्दा डालती है। बता दें कि कुछ समय पहले जनपदी गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब भी विपक्ष ने योगी सरकार को आड़े हाथों ले लिया था।