उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) ने संसद भवन के पास से संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में वह अलग-अलग बयान दे रहा है। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। युवक से बरामद दस्तावेजों की सघन जांच-पड़ताल हो रही है। सीआरपीएफ जवानों ने दिल्ली में विजय चौक के पास युवक को पकड़ा है। सीआरपीएफ ने संदिग्ध गतिविधियों को देखकर युवक से पूछताछ की। बाद में युवक को संसद भवन थाने में ले जाया गया। पूछताछ में अलग-अलग जानकारी देने के कारण उस पर शक गहरा गया है। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम फिरदौस बताया है। फिरदौस से बरामद पेपर में कोडवर्ड मिला है। इस कोर्डवर्ड का राज जानने की कोशिश हो रही है। इसके अलावा उसके पास से 2 पहचान पत्र, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) भी मिला है। दोनों दस्तावेजों में युवक का अलग-अलग नाम दर्ज है। ड्राइविंग लाइसेंस में जहां फिरदौस लिखा है, वहीं आधार कार्ड में मंजूर अहमद अहंगेर है। वह मूल रूप से रथसून बीरवाह, बडगाम का रहने वाला है। फिरदौस से मिले बैग की भी जांच हो रही है। सीआरपीएफ से बातचीत करने पर वह अपनी बातों से गुमराह करता रहा। पहले उसने बताया कि वह चार साल पहले घूमने के इरादे से दिल्ली आ चुका था। बाद में वह बोला कि लॉक डाउन में दिल्ली आया था, तभी से राजधानी में रह रहा है। संदिग्ध फिरदौस ने कभी जामिया, कभी निजामुद्दीन तो कभी जामा मस्जिद क्षेत्र में रहने की जानकारी दी। पुलिस ने इस प्रकरण से सुरक्षा एजेंसियों को अवगत करा दिया है। बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली के धौला कुआं क्षेत्र से पुलिस ने आईएसआईएस आतंकी अब्दुल युसूफ खान निवासी बलरामपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। युसूफ के कब्जे से 2 प्रेशर कुकर बम, आईईडी, पिस्टल व मोबाइल बरामद किया गया था।
















