ममता का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा को चुनौती

सीएम बोलीं, पहले 30 सीटें जीतकर दिखाएं

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सियासी सरगर्मी तेज हो रही है। भाजपा के बाद अब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शक्ति प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में टीएमसी प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज बीरभूम में पदयात्रा की। पदयात्रा के बाद उन्होंने रैली कर भाजपा को जमकर कोसा। सीएम बनर्जी ने कहा कि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में अगले साल मई में विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके चलते भाजपा और टीएमसी अभी से चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। बीरभूम में आज टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पदयात्रा करने के बाद रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के नेता प्रत्येक सप्ताह आकर फाइव स्टार का खाना खाते हैं और ऐसे दिखाते हैं कि आदिवासी के साथ खाना खा रहे हैं। हम 365 दिन गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर के साथ हैं, मगर भाजपा प्रतिदिन फर्जी वीडियो फैलाकर समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर भी तंज कसा। ममता बनर्जी ने कहा कि किसी ने नया रूप धारण किया है। कभी वह टैगोर बनना चाहते हैं, तो कभी गांधी जी। उन्होंने आरोप मढ़ा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसी और पैसों का इस्तेमाल कर बंगाल में घुसना चाहती है। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा कि वह पहले 30 सीटें जीत कर दिखाएं, 294 का सपना बाद में देखें। उन्होंने आरोप लगाया कि आज विश्व भारती विश्वविद्यालय को राजनीति में धकेला जा रहा है। बंगाल में नफरत की राजनीति को पनाह दी जा रही है। यह बेहद निंदनीय है। उधर, बीरभूम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पदयात्रा और रैली से पहले नंदीग्राम में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। नंदीग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी की रैली होनी है। रैली से पहले वहां भाजपा औ टीएमसी कार्यकर्ताओं में मारपीट की खबर है।