गाजियाबाद। पार्षद अरविंद चौधरी ने भी मुरादनगर हादसे पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सभी निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है। वसुंधरा वार्ड-36 पार्षद अरविंद चौधरी (चिंट्टू) ने ट्वीट कर कहा कि मुरादनगर हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में जहां-जहां निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, उनकी गंभीरता से जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसे की संभावना न रहे।
दरअसल किसी भी सरकारी विभाग में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्माण सामग्री की जांच के लिए निर्माण विभाग के सुपरवाइजर और इंजीनियर होते हैं। इनकी जिम्मेदारी निर्माण कार्य के दौरान समय-समय पर निर्माण सामग्री और निर्माण विधि की जांच करना होता है। लेकिन दो माह पूर्व बने लेंटर की किसी ने जांच नहीं की। अगर समय पर सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की जाती तो घटना से बचा जा सकता था। क्षेत्र में किए गए किसी भी विकास कार्यों की जांच नहीं की जाती है। यहां तक कि सड़कों में क्या सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, इसकी भी जांच नहीं की जाती है। जिसका खामियाजां 25 लोगों को अपनी जिंदगी देकर भुगतना पड़ा।















