गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 को लेकर शहर की सफाई व्यवस्था पर नगर निगम द्वारा बेहद जोर दिया जा रहा है। म्युसिपिल कमिश्रर महेंद्र सिंह तवर ने मंगलवार को वसुंधरा जोन स्थित 29 शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों के निर्माण कार्य अधूरे होने पर म्युनिसिपल कमिश्रर ने अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण में जिनमें टू बी चौराहा, 4बी चौराहा, अटल चौक, बिहारी मार्केट, डाबर चौक, कड़कड़ पानी की टंकी के पास काली मंदिर स्थित, सेक्टर-5 व अन्य वसुंधरा जोन स्थित शौचालयों का निरीक्षण किया गया। 
उन्होंने बताया कि निर्माण विभाग द्वारा शौचालयों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसके चलते समय अवधि समाप्त होने पर भी कुछ शौचालयों का कार्य पूर्ण नहीं पाया गया। कुछ स्थानों पर शौचालय की सुविधा उचित नही होने के कारण जोनल अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों को कड़े निर्देश दिए। इन क्षेत्रों में नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में म्युसिपिल कमिश्रर ने चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन को 24 घंटे में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारी को चेतावनी दी गई। निगम के निर्माण विभाग के सभी 155 शौचालयों की खामियों को चार जनवरी तक दूर करने के निर्देश दिए थे मगर यह कार्य पूरा नहीं किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन तथा एसबीएम नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
















