औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे के निस्तारण का नगर निगम ने तैयार किया प्लान

शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान हुआ तेज

मेयर आशा शर्मा और मुंसिपल कमिश्नर सिंह तवर ने संयुक्त रूप से किया विभिन्न स्थानों का निरीक्षण

गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के अंतर्गत मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार को संयुक्त रूप से वसुंधरा, कविनगर एवं विजय नगर जोन का निरीक्षण किया। मेयर और म्युनिसिपल कमिश्रर सबसे पहले लालकुआं स्थित अमृत स्टील कंपाउंड इंडस्ट्रियल एरिया में पहुंचे। वहां सड़क, साईड पटरी व नालों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया। इसके अलावा अमृत स्टील कंपाउंड में बड़े नाले की तार फेंसिंग का कार्य भी कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम जल्द इंडस्ट्रीज का वेस्ट कलेक्ट करने की व्यवस्था भी शुरू करेगा।

जिससे यहां पर कोई वारदात न हो। औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष से वार्ता कर नगर निगम इकाईयों से निकलने वाले कूड़ा वेस्ट को एकत्र करने की व्यवस्था शुरू करेगा। इससे यूजर चार्ज भी लिया जाएगा। इसके बाद मेयर और म्युनिसिपल कमिश्रर ने महाराजपुर गांव का दौरान किया। यहां पर कंपनी के सामने कूड़ा पड़ा होने से गंदगी के ढेर मिलने पर गांव के लोगों की लगातार शिकायत मिल रही थी।

म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि यहां पर सफाई कराकर दो स्थानों को चिन्हित कर साफ कर कंपनी के साथ सीएसआर फंड के माध्यम से एक स्थान पर सौंदर्यीकरण का कार्य कर पार्क विकसित किया जाए और दूसरे में बच्चों के खेलने के लिए सुंदर खेल का मैदान बनाया जाए। साथ ओपन नाले की रिपेयरिंग एवं स्लैब का कार्य भी कराया जाएगा, जिससे गांव या आस-पास के बच्चे सुरक्षित रहे। तदुपरांत विजय नगर में मेडिकल कॉलेज चौराहे पर स्थित शौचालय का जायजा लिया गया। चारों तरफ स्वच्छ सुंदर वॉल पेंटिंग, पौधे और चौराहे का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

वहां बनाए गए शौचालय में महिला एवं पुरुष के स्नानघर एवं शौचालय की व्यवस्था की गई है। अच्छी सेनेटरी सामग्री की भी व्यवस्था है। शौचालय निरीक्षण के दौरान वह आए व्यक्तियों ने भी शौचालय देखा और मेयर एवं म्युनिसिपल कमिश्रर की प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथलेश कुमार,कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।