राम भक्तों के सहयोग से बनेगा राम मंदिर: मंहत नारायण गिरी
15 जनवरी से घर-घर जाकर लोगों से करेगें दान की अपील
गाजियाबाद। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण सहयोग समिति का गठन हो गया है। यह समिति मकर संक्रांति के मौके पर 15 जनवरी से 27 फरवरी के बीच श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए घर घर जाकर सहयोग समर्पण निधि कार्यक्रम का आयोजन करेगी। कार्यक्रम के तहत जिले भर में अभियान चलेगा। श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण सहयोग समिति के अध्यक्ष महंत नारायण गिरी महाराज ने शनिवार को दिल्ली गेट दुधेश्वर नाथ मंदिर में इस समिति का गठन करते हुए बताया कि 1 हजार स्थानीय सक्रिय लोगों की टोली को शामिल किया गया है। जबकि स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल एवं हरि प्रसाद को संरक्षक के रूप में शामिल किया गया है। 
उन्होने कहा कि हम सभी का दायित्व बनता है कि राम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए अपेक्षा से अधिक सहयोग निधि के रूप में समर्पण करें। लंबे संघर्षो के बाद भव्य राम मंदिर कार्य का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस कारण प्रत्येक राम भक्त को मंदिर निर्माण अवश्य सहयोग करना चाहिए। इसे लेकर जिले के समस्त कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें वे टोलियां बनाकर इस अभियान के तहत घर-घर जाएंगे और राम मंदिर के लिए सहयोग प्राप्त करेंगे। करीब 3 लाख घरों में जाकर सहयोग की अपील करेगें। मंहत नारायण गिरी महाराज ने बताया इस दौरान समाज स्वेच्छा से कुछ न कुछ सहयोग करेगा और उसी समर्पण को कार्यकर्ता स्वीकार करेंगे। भगवान का काम है और इसमें धन बाधा नहीं बन सकता। आर्थिक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ट्रस्ट की ओर से 10 रुपये, 100 रुपये, 1000 रुपये के कूपन व रसीदें छापी गई हैं। जो जितना दान करेगा, उसी के अनुरूप कूपन या रसीद उन्हें दी जाएगी। इस दौरान ललित जायसवाल, कैलाश, सुशील, धुरेन्द्र, महेश गोयल, अंशोक मोंगा, अतुल जैन, उदिता त्यागी, अनिल कटारिया, सोमेन्द्र ढाका आदि लोग उपस्थित रहे।
















