पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जनता के साथ किया संवाद

कानून व्यवस्था एवं ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर की बैठक

जनता सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम करना पुलिस का कर्तव्य: डॉ. ईराज राजा

गाजियाबाद। लोनी के टीला शाहबाजपुर गांव में शनिवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ईराज राजा ने ग्रामीणों के साथ संवाद किया। इस दौरान लोनी बॉर्डर में ग्राम वासियों के साथ कानून व्यवस्था, पुलिस की भूमिका, उनकी समस्याओं और आगामी ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ईराज राजा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा करना और अपराधों की रोकथाम करना ही पुलिस का कर्तव्य है।

पुलिस इसके लिए हमेशा ही तत्पर है। लोगों को अपराध और अपराधी की सूचना के बारे में कभी भी भयभीत नहीं होना चाहिए। जनता जागरुक होगी तभी अपराधों पर रोक लगेगी। पंचायत चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में शांति एवं कानून व्यवस्था को कायम रखना जरूरी है। ग्रामीण भी इस कार्य में पुलिस को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को पुलिस अपने स्तर से हरसंभव कदम उठाएगी। इसी क्रम में लोगों ने मांग उठाई की क्षेत्र में गस्त बढाई जाए। ग्रामीणों ने कई अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इन समस्याओं को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जल्द निस्तारित करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जन संवाद के दौरान कहा कि कोरोना काल अभी खत्म नहीं हुआ है। गाइडलाइन का पालन करने की सभी को जरूरत है। वैक्सीन आने वाली है। वैक्सीन आने पर सभी लोग वैक्सीन लगवाएं ताकि कोरोना संक्रमण को जल्द से जल्द खत्म किया जा सके।