प्रधानमंत्री के करीबी अफसर अब भाजपा में

अरविंद कुमार शर्मा ने शुरु की सियासी पारी

लखनऊ। गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा अब सियासत में उतर आए हैं। उन्होंने भाजपा से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है। उत्तर प्रदेश भाजपा के लखनऊ कार्यालय में गुरुवार को अरविंद कुमार शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। चर्चा है कि उन्हें विधान परिषद चुनाव में भाजपा उतार सकती है। यूपी में विधान परिषद की 12 सीटों पर चुनाव होना है। एमएलसी चुनाव जीतने के बाद उन्हें सरकार में कोई अह्म जिम्मेदारी मिलने की भी चर्चाएं हो रही हैं। अरविंद कुमार शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ के रहने वाले हैं। उन्हें 2022 में सेवानिवृत्त होना था, मगर उन्होंने अचानक स्वैच्छिक सेवानिवृत्त ले ली। प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृति (वीआरएस) लेने वाले गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा अब भाजपा से जुड़ गए हैं। भाजपा के प्रदेश सचिव और प्रवक्ता चंद्रमोहन ने बताया कि पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 12 सीटों के लिए 28 जनवरी को मतदान होना है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 जनवरी है। भाजपा ने अब तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। समाजवादी पार्टी ने बुधवार को 2 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। उधर, भाजपा में आए अरविंद कुमार शर्मा 1988 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने साल 2001 से 2013 तक गुजरात के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी जब दिल्ली आए तो अरविंद भी उनके साथ पीएमओ आ गए थे। फिलहाल वह प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अरविंद कुमार शर्मा के भाजपा ज्वाइन करने के समय पार्टी कार्यालय में कई सीनियर नेता मौजूद रहे।