-दिल्ली से फ्लो मीटर खरीदकर एनसीआर में करते थे सप्लाई, दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। कोरोना महामारी में हर कोई आपदा में अवसर को तलाश करने में पीछे नहीं हट रहा है। अभी तक तो ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने की बात सामने आ रही थी। अब ऐसा लग रहा है कि कोरोना महामारी में जिन वस्तुओं की आवश्यकता पड़ रही है उन सभी वस्तुओं की कालाबाजारी करने से लोग पीछे नहीं हट रहे हैं। होमआइसोलेश में मरीज ऑक्सीजन सिलेंडर का उपयोग कर रहें है, ऐसे मरीजों को ऑक्सीजन फ्लो मीटर की आवश्यकता होती है। उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर मनचाहे दाम की डि़मांड कर रहें है। हालांकि पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर दो दर्र्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार की चुकी है। घंटाघर कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर ऐसे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो जरूरतमंद लोगों को ऑक्सीजन फ्लो मीटर बेचकर मनचाहें दाम वसूल रहा था। जिसके पास से पुलिस ने करीब दो दर्जन ऑक्सीजन फ्लो मीटर बरामद किया है। एसएचओ संदीप सिंह ने बताया कि देर रात एसआई दिनेश पाल सिंह, विकास शर्मा, विनोद कुमार की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली की जस्सीपुरा के पास एक युवक ऑक्सीजन फ्लो मीटर की सप्लाई कर रहा है। टीम ने कार्र्रवाई करते हुए जस्सीपुरा तिराहे के पास दानिश पुत्र जिया अहमद एवं मोहसिन पुत्र अनीस निवासी विजयपाल भजनपुरा दिल्ली को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 25 ऑक्सीजन फ्लो मीटर, घटना में प्रयुक्त कार, 12 हजार रूपए, तीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। एसएचओ ने बताया ऑक्सीजन फ्लो मीटर की असली कीमत 1 हजार है। आरोपी लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर 15 से 20 हजार रूपए में बेच रहे थे। दिल्ली के विभिन्न सर्जिकल स्टोरों से खरीदकर एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। जिनका अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
















